दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मिलिंद देवड़ा का मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा

मिलिंद देवड़ा व ज्योतिरादित्य सिंधिया (फाइल फोटो)

मुंबई, राहुल गांधी के अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद से कांग्रेस में इस्तीफों का दौर लगातार जारी है। रविवार को मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि वे पार्टी में स्थायित्व लाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं। देवड़ा लोकसभा चुनाव से पहले ही मुंबई अध्यक्ष बनाए गए थे। उन्होंने मुंबई साउथ से लोकसभा चुनाव लड़ा था, जहां शिवसेना उम्मीदवार अरविंद सावंत के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
देवड़ा ने राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और चुनाव से पहले किसी तरह का कोई संकट पैदा नहीं हो इसके लिए तीन वरिष्ठ नेताओं का एक पैनल गठित करने का भी प्रस्ताव दिया। देवड़ा के ऑफिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उन्होंने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के प्रदेश प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे को अपने इस्तीफे की सूचना दे दी है।
उन्होंने कहा, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए भाजपा-शिवसेना के अलावा प्रकाश अंबेडकर की पार्टी वंचित अगाड़ी भी एक बड़ी चुनौती है। देवड़ा ने 26 जून को राहुल गांधी से मुलाकात के बाद पद से इस्तीफा देने की इच्छा जाहिर की थी।

सिंधिया ने महासचिव पद से इस्तीफा दिया
इससे पहले शनिवार को कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने रविवार को ट्वीट किया, ”लोगों का जनादेश और अपनी जिम्मेदारी स्वीकारते हुए मैंने अपना इस्तीफा राहुल गांधी को सौंप दिया है।”