ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

बॉम्बे हॉस्पिटल की 11वीं मंजिल से कूदा मरीज….अस्पताल से मिल गई थी छुट्टी

मुंबई, बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती एक 67 वर्षीय व्यक्ति ने 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। भर्ती व्यक्ति का इलाज अस्पताल में चल रहा था और उसे यहां से छुट्टी मिल गई थी। उनका बेटा पिता के डिस्चार्ज की प्रक्रिया पूरी करने गया था और पत्नी खुद को दिखाने एक दूसरे डॉक्टर के पास गई थी। उसी समय मरीज ने छलांग लगा दी।
घटना गुरुवार को शाम लगभग चार बजे हुई। आजाद मैदान पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम सतीश खन्ना था। वह चेम्बूर के डायमंड गार्डेन के पास खन्ना अपार्टमेंट में रहते थे। सतीश को डायरिया हुआ था जिसके बाद 15 जुलाई को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने बताया कि सतीश को बहुत छोटे से बैक्टिरिया के कारण डायरिया हुआ था। उन्हें तीन दिन के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया गया था।
गुरुवार को डॉक्टरों ने सतीश की अस्पताल से छुट्टी कर दी। उनका आर्किटेक्ट बेटा और पत्नी अस्पताल में मौजूद थीं। बेटा बिल भुगतान के लिए गया था और पत्नी एक दूसरे डॉक्टर के पास अपनी शुगर की दवा लेने गई थीं। नर्स को ग्राउंड फ्लोर से फोन आया जिसके बाद सतीश का शव नीचे पड़े होने की बात कही गई।
पुलिस ने बताया कि सतीश का शव जीटी हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। अभी उनका परिवार सदमे में है। सतीश ने आत्महत्या क्यों की यह कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है? वह सुबह से बहुत खुश थे क्योंकि अस्पताल से उनकी छुट्टी हो गई थी। इसके बाद भी सतीश ने ऐसा कदम क्यों उठाया पुलिस इसकी जांच कर रही है। हादसे में मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है।