मुंबई शहरशहर और राज्य

देसी बम बनाने के दौरान धमाका, कहीं आरोपियों का संबंध नक्सलियों से तो नहीं..?

मुंबई , अंटॉपहिल पुलिस ठाणे के अंतर्गत बंगालीपुरा झोपड़पट्टी में देसी बम बनाने के दौरान धमाका होने से अफरातफरी मच गई। इस हादसे में 2 लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों के नक्सल लिंक की भी आशंका है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बम वेस्ट बंगाल निवासी 22 वर्षीय अजरूल शेख बना रहा था। पुलिस ने बताया कि बम बनाने के दौरान धमाका हो गया, जिसकी चपेट में 2 लोग आ गए। बम बनाने के आरोप में अंटॉप हिल पुलिस ने अजरूल और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है, दूसरा आरोपी नाबालिग है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पिछले कई महीने से देसी बम बना रहे हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि ये लोग बम किसके लिए तैयार करते थे। पुलिस को देसी बम बनाने वाली जगह से बॉल बियरिंग, छर्रे, कांच के टुकड़े और नुकीली चीजें मिली हैं, जिनके इस्तेमाल से बम बनाए जाते थे। पुलिस को शक है कि आरोपियों का नक्सलियों से संबंध तो नहीं है। अंटॉपहिल पुलिस, अपराध शाखा क्र. ४ और एटीएस इस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है। परिमंडल-४ की डीसीपी एन.अंबिका ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।