ठाणेपालघरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

बाढ़ के चलते रुकी ‘महालक्ष्मी एक्सप्रेस’, 700 यात्री फंसे

फंसे यात्रियों को निकालने के लिए चलाया जा रहा हेलिकॉप्टर और नाव से रेस्क्यू ऑपरेशन

मुंबई, महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई से 100 किमी दूर बदलापुर-वंगानी के बीच बाढ़ के चलते महालक्ष्मी एक्सप्रेस में करीब 700 यात्री फंसे हुए हैं। शुक्रवार देर रात 3 बजे से फंसे यात्रियों को निकालने के लिए हेलिकॉप्टर और नाव से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा। रेलवे के जनरल मैनेजर ने जानकारी देते हुए कहा कि अभी ट्रैक पर 2 फीट पानी है, जब एक फीट से कम रह जाएगा तब ट्रेन को बदलापुर की ओर रवाना किया जाएगा। वहीं, मुंबई में भारी बारिश के कारण कई इलाकों जलभराव के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए। यहां पिछले 24 घंटों में करीब 18 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। शनिवार सुबह छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एमआईएएल) के पब्लिक रिलेशन अधिकारी के मुताबिक, 7 फ्लाइट रद्द कर दी गईं, जबकि 9 को डायवर्ट किया गया। अन्य उड़ानों में औसतन 30 मिनट की देरी हो रही। वहीं, कल्याण से कर्जत की सभी ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया।
मुंबई पुलिस ने कहा कि हम यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि वे जल-जमाव वाले क्षेत्रों में न जाएं। समुद्र से दूरी बनाए रखें। किसी भी मदद के लिए हमें 100 नंबर पर फोन करें। एयरपोर्ट के अधिकारी ने कहा- खराब मौसम के कारण विजिबिलिटी कम होने से उड़ानों पर प्रभाव पड़ा है।

मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और पालघर में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान रायगढ़, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पालघर में 26 और 28 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले चार घंटों में ठाणे, रायगढ़ और मुंबई में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को समुद्र और पानी भरे हुए इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।

मुंबई एयरपोर्ट से आने-जाने वाली फ्लाइट करीब 30 मिनट लेट हुईं