ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

NCP को एक और झटका, महिला अध्यक्ष चित्रा वाघ ने दिया इस्तीफा

मुंबई, महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को एक और झटका लगा है। पूर्व मंत्री सचिन अहिर के साथ एनसीपी की महाराष्ट्र महिला विंग की अध्यक्षा चित्रा वाघ ने भी पार्टी का साथ छोड़ दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, चित्रा बीजेपी में शामिल हो सकती हैं हालांकि अभी उन्होंने इसका अधिकारिक ऐलान नहीं किया है। इससे पहले गुरुवार को एनसीपी की मुंबई इकाई के प्रमुख और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सचिन अहिर शिवसेना में शामिल हो गए थे। लगातार दो बड़े नेताओं के पार्टी के अलविदा कहने से एनसीपी अब कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन और नेताओं के छूटते साथ से पार्टी का महाराष्ट्र में जनाधार खतरे में दिखाई पड़ने लगा है। चित्रा वाघ ने अपने इस्तीफे की कोई स्पष्ट वजह तो नहीं बताई। उन्होंने सिर्फ इतना कहा, मैं नैशनलिस्ट महिला महाराष्ट्र प्रदेश के अध्यक्ष पद और एनसीपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देती हूं।
उन्होंने आगे लिखा, महाराष्ट्र में महिलाओं की आवाज बनने और सेवा का अवसर देने के लिए शुक्रिया। लगातार पार्टी छोड़ रहे नेताओं के चलते संकट से गुजर रही पार्टी के लिए ठाणे में एनसीपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हवन कराया। यह हवन एनसीपी नेता कालिदास देशमुख की ओर से आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि नेताओं के पार्टी छोड़ने से रोकने के लिए हवन कराया जा रहा है।

सचिन अहिर NCP छोड़ शिवसेना में शामिल हुए
इससे पहले गुरुवार को शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे ने सचिन अहिर का पार्टी में स्वागत किया। राज्य में पूर्ववर्ती कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन सरकार में मंत्री अहिर शरद पवार नीत पार्टी के 1999 में गठन के बाद से उससे जुड़े हुए थे।
सचिन अहिर ने 1999 से 2009 तक मुंबई में शिवड़ी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और उन्हें बाद में वर्ली से चुना गया। वह 2014 में शिवसेना के सुनील शिंदे से विधानसभा चुनाव हार गए थे। अहिर ने कहा था कि उनके मन में एनसीपी के लिए कोई दुर्भावना नहीं है लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए कुछ अपरिहार्य राजनीतिक फैसले लेने पड़े।