उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

CM योगी बोले- गोवंश की कुर्बानी न होने पाए और कोई नई परंपरा न शुरू हो

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंधित पशु या गोवंश की कुर्बानी न होने पाए। साथ ही कोई नई परंपरा न शुरू होने पाए।
मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास से आगामी त्योहारों और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर वीडियो कांफ्रेंसिंग कर ये निर्देश दिए। उन्होंने बकरीद, सावन के अंतिम सोमवार, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी के मौके पर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बकरीद और सावन का अंतिम सोमवार एक ही दिन है, इसलिए अधिकारी खास सतर्क रहें। उनकी जिम्मेदारी है कि त्योहारों को शांति पूर्वक संपन्न कराया जाए। सुरक्षा चाक-चौबंद रहे। कोई अप्रिय घटना न होने पाए। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रहे। परंपरा के विपरीत किसी भी काम को करने की मंजूरी न दी जाए। उन्होंने कहा कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी जाए। थाना स्तर पर शांति कमेटियों की बैठकें करके आपसी संवाद स्थापित किया जाए। महिलाओं के प्रति किसी प्रकार की छेड़खानी न होने पाए। उनके साथ दुर्व्यवहार और आपराधिक घटनाओं को हर हाल में रोका जाए। असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। साफ-सफाई का खास प्रबंध किया जाए, बिना रुकावट बिजली आपूर्ति की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों और अपराधों के प्रति जीरो टालरेंस की नीति अपनाती है। साथ ही अपराधमुक्त, भयमुक्त और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने में जुटी है। इस मौके पर मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय व डीजीपी ओपी सिंह ने भी जरूरी निर्देश दिए।

रक्षा बंधन पर मुफ्त यातायात का तोहफा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी बहनों- बेटियों को रक्षा बंधन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सुरक्षित एवं मुफ्त यातायात का तोहफा दिया। १४ अगस्त की रात १२ बजे से १५ अगस्त को परिवहन निगम की बसों में महिलाएं निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।