धुलेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रशहर और राज्य

महाराष्ट्र: धुले में केमिकल फैक्ट्री में धमाके के बाद आग; 13 लोगों की मौत, 58 जख्मी

मुंबई, महाराष्ट्र के धुले में एक केमिकल फैक्ट्री में शनिवार सुबह सिलेंडर में धमाके के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई। 58 लोग जख्मी हैं। यह फैक्‍ट्री शिरपुर तालुका के वघाडी गांव में स्थित है। धमाका इतना भीषण था कि इसकी गूंज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसा सुबह करीब 9.15 बजे हुआ। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजन को 5-5 लाख रुपए की मदद देने का ऐलान किया है।
एसपी विश्वास पंधारे ने बताया कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि कई सिलेंडरों में धमाके हुए हैं। फैक्ट्री में करीब 100 से ज्यादा कर्मचारी मौजूद थे। शिरपुर एक इंडस्ट्रियल एरिया है। मौके पर एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची है।
अमित शाह ने मुख्यमंत्री से फोन पर की बात
गृह मंत्री अमित शाह ने फडणवीस से फोन पर घटना के बारे में बात की। शाह ने ट्वीट किया- पीड़ितों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैंने घटना को लेकर मुख्यमंत्री से बात की है। राज्य सरकार लोगों की जरूरत के हिसाब से हर जरूरी कदम उठा रही है।