दिल्लीराजनीतिशहर और राज्य

भाजपा को जब तक तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं : कन्हैया

पटना के गांधी मैदान में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की ‘भाजपा हराओ-देश बचाओ’ रैली में लेफ्ट समेत विपक्षी दलों ने पीएम मोदी और राज्य के सीएम नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। माकपा नेता मोहम्मद सलीम ने कहा, केवल कारपोरेट घरानों के अच्छे दिन आए हैं।

देश में संवैधानिक मूल्यों पर हमला हो रहा है : कन्हैया
जेएनयू के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को जब तक तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं। कन्हैया ने कहा कि कांग्रेस नेता श्रीकृष्ण सिंह की जयंती मनाने का भाजपा ढोंग कर रही है। जेएनयू के पूर्व अध्यक्ष ने आगे कहा कि देश में संवैधानिक मूल्यों पर हमला हो रहा है और एक-एक करके देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। इसके अलावा कन्हैया ने कहा कि मुद्दों से भटकाने के लिए भाजपा फिर मंदिर का राग अलाप रही है। उन्होंने आगे कहा कि बिहार के युवाओं के कंधों पर सांप्रदायिकता के रथ को रोकने की जिम्मेदारी है।

आज लोकतंत्र खतरे में : शरद यादव
पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में है, नीतीश कुमार ने जनता के विश्वास को धोखा देकर भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई है। शरद यादव ने सभी लोगों को लोकतांत्रिक पार्टियों के गठबंधन को जिताने का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र में अगर फिर से मोदी की सरकार बनी तो भारत से लोकतंत्र का खात्मा हो जाएगा।
कम्युनिस्ट असली देशभक्त : मोहम्मद सलीम
माकपा नेता मोहम्मद सलीम ने कहा, देश की जनता को जोड़ने वाले वामपंथी और कम्युनिस्ट असली देशभक्त हैं। इसके अलावा माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि हमें केवल विपक्ष का गठबंधन नहीं चाहिए, बल्कि राजनीति में भी बदलाव चाहिए। देश की जनता को बड़ी लड़ाई लड़नी है। बिहार इसमें अग्रणी भूमिका निभाएगा।

पार्टी के राज्य सचिव सत्यनारायण सिंह ने बुधवार को गांधी मैदान में पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि संघ के इशारे पर सरकार और जिला प्रशासन रैली को विफल करने की साजिश कर रहा है। कहा कि दो दिनों की बुकिंग होने के बाद भी गांधी मैदान के सभी गेटों को प्रशासन ने बुधवार शाम तक बंद रखा। मैदान के अंदर जदयू की तीन सौ गाड़ियां जबरन पार्क करायी गईं। इससे लोग बाहर भटकते रहे और उनको मैदान के अंदर आने में मुश्किल हुई। अगर गुरुवार को गेट नहीं खोला गया तो ताला तोड़कर रैली की जाएगी। सरकार के इशारे पर प्रशासन ने कन्हैया कुमार का तीन दिनों का रोड शो भी रद्द करा दिया। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाली बसों को भी बाइपास फोर लेन पर रोक दिया गया है। दावा किया कि रैली में शरद यादव, माकपा के मो. सलीम, कांग्रेस के गुलाम नबी आजाद, तारिक अनवर, तेजस्वी यादव, दीपंकर भट्टाचार्य, अखिलेश प्रसाद सिंह, मदनमोहन झा, जीतन राम मांझी , देवेन्द्र प्रसाद यादव समेत सभी विपक्षी दलों के शीर्ष नेता भाग लेंगे।