चुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल BJP में शामिल, पार्टी ने इंदापुर से घोषित किया पहला प्रत्याशी

मुंबई, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सहकारिता मंत्री हर्षवर्धन पाटिल बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने न केवल उनका पार्टी में स्वागत किया बल्कि उनके अपने गढ़ इंदापुर से उन्हें प्रत्याशी भी घोषित कर दिया। इस विधानसभा चुनाव में वे भाजपा द्वारा घोषित पहले प्रत्याशी बन गए हैं।
सीएम फडणवीस ने इस दौरान कहा कि पाटिल के भाजपा प्रवेश के लिए हम पांच सालों से नजरें गड़ाए हुए थे। वहीं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि अगर हर्षवर्धन थोड़ा पहले आते तो शायद वे सांसद होते।

NCP से यह सीट मांग रहे थे हर्षवर्धन
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पर इंदापुर विधानसभा सीट कांग्रेस को देने का वादा पूरा न करने और चुनाव में दगाबाजी का आरोप लगाते हुए हर्षवर्धन पाटिल ने कांग्रेस छोड़ी थी। इंदापुर की सीट से वर्तमान में राष्ट्रवादी कांग्रेस के दत्ता भरणे विधायक हैं।
बता दें कि हर्षवर्धन ने अपनी राजनीतिक दिशा तय करने के उद्देश्य से पिछले हफ्ते इंदापुर में एक जनसंकल्प सम्मेलन आयोजित किया था। इसमें उनके समर्थकों ने उन्हें भाजपा में शामिल होने की सलाह दी थी। इसके बाद पाटिल ‘नॉट रिचेबल’ हो गए और दो दिन बाद सीधे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ उनके दफ्तर में नजर आए थे।