दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

बिहार: तलाश खत्म, संजय जायसवाल बने बीजेपी के अध्यक्ष

पटना, तमाम जद्दोजहद के बाद आखिरकार बिहार भाजपा को अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया। पश्चिमी चंपारण से भाजपा के डॉक्टर सांसद संजय जायसवाल को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
बता दें कि नित्यानंद राय के पीएम मोदी की कैबिनेट में शामिल होने के बाद बिहार में प्रदेश अध्यक्ष का पद खाली था। ऐसे में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने संजय जायसवाल पर भरोसा जताया है और उन्हें ये अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी है। तमाम भाजपा नेताओं ने जायसवाल को बधाई दी है।
कौन हैं संजय जायसवाल?
संजय जायसवाल का राजनीति से पुराना नाता रहा है और वे भाजपा के अनुभवी नेताओं में से एक माने जाते हैं। वो लगातार साल 2009 से पार्टी के सांसद रहे हैं। बिहार में अगले साल विधानसभा का चुनाव भी होना है और एनडीए की सहयोगी जदयू से भाजपा के रिश्ते में तनातनी भी चल रही है। ऐसे में बीजेपी ने संजय जायसवाल पर भरोसा जताते हुए बिहार की कमान संभालने का जिम्मा सौंपा है।
कम उम्र से ही राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़े रहे जायसवाल को राजनीति विरासत में मिली है। संजय के पिता मदन मोहन जायसवाल भी इस क्षेत्र का तीन बार संसद में प्रतिनिधत्व कर चुके हैं। जायसवाल भाजपा के वोट बैंक समझे जाने वाले वैश्य समुदाय से आते हैं। संजय जायसवाल की अब तक स्वच्छ छवि रही है। 29 नवंबर, 1965 को जन्मे संजय जायसवाल दिवंगत नेता मदन मोहन जायसवाल के पुत्र हैं।अध्यक्ष बनने के बाद एक सवाल के जवाब में संजय जायसवाल ने कहा कि भाजपा में पद नहीं, दायित्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा, पार्टी ने आज तक जो भी दायित्व मुझे सौंपा है, उसे मैंने पूरी ईमानदारी से पूरा करने की कोशिश की है और आगे भी करूंगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संजय जायसवाल (फाइल फोटो)