महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: पराए मर्द से दोस्ती पड़ी महंगी, कई बार हुआ गैंगरेप, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

मुंबई, गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने पति की बातों को नजरअंदाज कर पराए मर्दों से दोस्ती कर ली। शायद यही उस 32 वर्षीय महिला की जिंदगी की सबसे बड़ी भूल थी। पति द्वारा बार-बार समझाने के बाद भी महिला ने सामने वाले से दोस्ती जारी रखी और एक दिन जो हुआ उसका किसी को अंदाजा नहीं था।
गोवंडी पुलिस के मुताबिक, महिला की दोस्ती 30 वर्षीय अमजद खान के साथ हो गई। इसके बाद वह अक्सर पति से बहाना बनाकर घूमने-फिरने और मूवी देखने चली जाती थी। दोस्ती और गहरी हुई तो उसने अमजद के बहकावे में आकर शारीरिक संबंध बना लिया, यह सिलसिला कुछ महीनों तक चला। इस बीच, मौका देखकर अमजद ने महिला का अश्लील विडियो भी बना लिया। इसकी भनक महिला को तब लगी, जब अमजद उससे नहाने का फोटो मांगने लगा। महिला ने फोटो देने से मना किया, तो अमजद ने उसको विडियो का स्क्रीन शॉट भेजा जिसे देखकर महिला के होश उड़ गए। आखिरकार उसने अमजद के सामने घुटने टेक दिए और उसके बुलाए हुए स्थान पर जाने लगी।
अमजद की हैवानियत इतने पर भी नहीं रुकी। उसने महिला को अपने 43 वर्षीय एक दोस्त नूर नजीर शेख के सामने पेश कर दिया। नूर ने भी महिला का शारीरिक शोषण किया। दोनों का हौसला इतना बढ़ गया कि वे जब जी चाहे महिला को अपनी मनपंसद जगहों पर बुलाकर उसके साथ रेप करने लगे। विरोध करने पर पूरी घटना के बारे में पति को बता देने और उसका अश्लील विडियो वायरल करने की धमकी देते थे। तलाक के डर से महिला चुप रह कर दोनों के अत्याचार बर्दाश्त करती रही। मगर एक दिन उसके सब्र का बांध टूट गया और आखिरकार उसने सारी बातें पति को बता दीं। पत्नी की आपबीती सुनकर पति ने समझदारी दिखाई और दोनों गोवंडी पुलिस थाने पहुंच कर पुलिस को सारी बातें बताई।
पुलिस ने ट्रैप लगाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, विडियो वायरल करने की धमकी और बंधक बनाने व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया गया। घटना की जांच कर जारी है। दोनों आरोपियों को स्थानीय कोर्ट से न्यायिक हिरासत मिली है। मुंबई पुलिस की अपील है कि ऐसे लोगों से डरने की बजाए पुलिस की मदद लें और इनके खिलाफ मामला दर्ज कराएं। पुलिस पीड़िता का नाम गोपनीय रखती है। महिला चाहे तो ट्वीट कर भी पुलिस को जानकारी दे सकती है।