दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

नयी दिल्ली: JNU छात्रसंघ चुनाव का परिणाम घोषित, लेफ्ट का वर्चस्व, आइशी घोष बनीं अध्यक्ष

नयी दिल्ली, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव के परिणामों की घोषणा मंगलवार की देर शाम हो गई। चुनाव परिणाम में एसएफआई की आइशी घोष 2,313 मतों के साथ जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष चुनी गई हैं। जबकि एबीवीपी के मनीष जांगीड़ 1,128 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
लेफ्ट गठबंधन AISA, SFI, AISF, DSF ने सभी चार सीटों पर जीत हासिल की है। साकेत मून ने एबीवीपी की श्रुति अग्निहोत्री को वाइस प्रेजिडेंट पद के लिए हराया है। साकेत को 3,365 और श्रुति को 1,335 वोट मिले हैं। जबकि जनरल सेक्रटरी पद पर यूनाइटेड फ्रंट के लिए सतीश यादव ने बाजी मारी और एबीवीपी के सबरीश को मात दी। सतीश को 2518 और सबरीश को 1355 वोट मिले हैं। जॉइंट सेक्रटरी पद पर लेफ्ट के एमडी दानिश ने एबीवीपी के सुमांता साहू को हराया। सुमांता साहू को 1508 मत जबकि दानिश को उनसे दोगुना यानी 3295 वोट मिले हैं। इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने जेएनयू चुनाव समिति को छह सितंबर को हुए छात्र संघ चुनाव के परिणामों की घोषणा करने की मंगलवार को अनुमति दे दी थी। न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय प्रशासन को भी लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुसार चुनाव परिणाम अधिसूचित करने की अनुमति दे दी।