उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

GIS 2023: निवेशकों को साधने आज मुंबई आ रहे सीएम योगी, उद्योग समूहों और फिल्म जगत की हस्तियों से करेंगे मुलाकात

मुंबई,(राजेश जायसवाल): फरवरी के दूसरे सप्ताह में लखनऊ में होने जा रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस-23) में देश के बड़े उद्योगपतियों को आमंत्रित करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार यानी आज मुंबई आ रहे हैं। सीएम योगी यहां दो दिन 4 और 5 जनवरी को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
इस दौरान वह उत्तर प्रदेश की विकासशील तस्वीर रखेंगे और देश के बड़े उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें यूपी में निवेश का न्योता देंगे। दो दिन के अपने दौरे में वह देश के चुनिंदा उद्योगपतियों एवं फिल्म जगत के कई नामचीन शख्सियतों से मुलाकात करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार की दोपहर में राजधानी लखनऊ से मुंबई के लिए उड़ान भरेंगे, यहां पहुंचने के बाद वह शाम को मुंबई में रह रहे प्रतिष्ठित उत्तर प्रदेश के प्रवासियों से मुलाकात करेंगे। यहीं सीएम योगी की फिल्म जगत के कलाकारों एवं निर्माताओं से भी मुलाकात होगी। उनसे उत्तर प्रदेश में बन रही फिल्म सिटी की संभावनाओं को लेकर चर्चा होगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी उन्हें ‘ग्लोबल इन्वेटर्स समिट’ के बारे में जानकारी देंगे। उन्हें यह भी बताएंगे कि किस तरह से यूपी देश में वैश्विक निवेश का एक बेहतर गंतव्य बनकर उभरा है और दुनिया भर के निवेशक यूपी में निवेश करने के लिए इच्छुक हैं।

10 से 12 फरवरी के बीच आयोजन
बता दें कि राजधानी लखनऊ में ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ का आयोजन 10 से 12 फरवरी के बीच किया जा रहा है। इस बार उत्तर प्रदेश सरकार इन्वेस्टर्स समिट में देश के बड़े उद्योग घरानों के साथ-साथ विदेशी निवेशकों को भी आमंत्रित कर रही है। इसके लिए विभिन्न देशों में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री जाकर मल्टीनेशनल कंपनियों को आमंत्रित कर रहे हैं। देश के नौ प्रमुख शहरों में 5 जनवरी से 27 जनवरी के बीच कई वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों को उद्योग जगत से संपर्क के लिए भेजा जा रहा है। इसी कड़ी में देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में सीएम योगी खुद अपने दो वरिष्ठ मंत्रियों राजस्व मंत्री रवींद्र जायसवाल एवं उद्योग मंत्री नंदगोपाल नंदी सहित कई प्रमुख अधिकारियों के साथ रोड शो करने पहुंच रहे हैं।

इनसे भी मिलेंगे सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने बताया कि सीएम योगी आज बुधवार को दोपहर बाद मुंबई पहुंचेंगे। इसके बाद वह महाराष्ट्र के राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। फिर शाम को कुलाबा स्थित होटल ताज में उनकी मुलाकात मुंबई में रह रहे उत्तर प्रदेश मूल के उद्यमियों से होगी। बुधवार को ही उनकी मुलाकात फिल्म जगत के कुछ प्रमुख लोगों से होगी। जिन्हें वह उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बन रहे ‘फिल्म सिटी’ की प्रगति से अवगत कराएंगे। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री ने अपनी पिछली मुंबई यात्रा के दौरान की थी।

निवेशकों से करेंगे बातचीत
अपने दौरे के दूसरे दिन होटल ताज में ही मुख्यमंत्री बैंकिंग क्षेत्र एवं फिनटेक क्षेत्र के लोगों से संवाद करेंगे।इसके बाद वह मुंबई के एक रोड शो में भाग लेंगे। ताज होटल में ही आयोजित रोड शो में टाटा समूह, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा, गोदरेज, आदित्य बिड़ला समूह, पीरामल एंटरप्राइजेज, पार्ले एग्रो, जेएसडब्ल्यू ग्रुप और स्टार एवं डिजनी समूह के प्रतिनिधियों से बात करेंगे। इसके अलावा उनकी हिंदूजा ग्रुप, हिंदुस्तान यूनी लिवर, अडानी ग्रुप, हीरानंदानी ग्रुप, टोरेंट पावर, वोकहार्ड, इंडियन मर्चेंट्स चैंबर, ध्रुवा एडवाइजर्स, केकेआर इंडिया, एवर स्टोन ग्रुप, हीरो साइकिल, आरपीजी एंटरप्राइज, एल एंड टी, रैमकी ग्रुप ऑफ कंपनी आदि बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मिलने की योजना है।

अर्थव्यवस्था में यूपी का विशेष योगदान
मंत्री रवींद्र जायसवाल के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच खरब की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य निर्धारित कर रखा है। उत्तर प्रदेश, बड़ा प्रदेश होने के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसमें एक खरब का योगदान करना चाहते हैं। इसी लक्ष्य के साथ ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें कुल 21 सेक्टर्स के उद्योग समूहों के शामिल होने की संभावना है। इनसे इस इन्वेस्टर्स समिट के दौरान 10 लाख करोड़ के निवेश की संभावना जताई जा रही है।