बुलढाणाब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

Mumbai-Nagpur Samruddhi Expressway Accidente: हादसे में छह लोगों की मौत!

बुलढाणा: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के लोनार तालुका में नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह कार का टायर फटने से 6 लोगों की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना सुबह आठ बजे शिवनी पीसा गांव में उस समय हुई जब मारुति एर्टिगा कार औरंगाबाद से शेगांव जा रही थी। इस हादसे में कार सवार छह लोगों की मौत हो गई है। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार ओवरलोड कार का टायर फटना बताया जा रहा है।
मरने वालों में 11 वर्षीय लड़की, चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। कार में पांच बच्चों सहित सात अन्य लोग भी सफर कर रहे थे। उन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए औरंगाबाद के अस्पताल ले जाया गया है।
मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि यदि एंबुलेंस समय पर पहुंच जाती तो शायद मरने वाले कुछ लोगों की जान बच जाती। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, लोनार तालुका में शिवनी पीसा गांव में यह दुर्घटना हुई, उसके करीब 15 किलोमीटर दो-दो टोल प्लाजा हैं, ऐसे में एंबुलेंस 10 मिनट के भीतर आसानी से पहुंच सकती थी। लेकिन एंबुलेंस दुर्घटना के 45 मिनट बाद पहुंची। तब तक काफी देर हो चुकी थी। वहीं, कार चालक को झपकी आने से यह बड़ी दुर्घटना होने की बात कही जा रही है। मामले को लेकर अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

कैसे हुआ ये हादसा?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कार में कुल 13 लोग सवार थे और वे औरंगाबाद से शेनगांव जा रहे थे। मौके पर मौजूद व्यक्ति संदीप पिसे के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने पहले बाईं तरफ गार्डरेल से रगड़ खाई, फिर यह डिवाइडर से टकराकर पलट गई और सड़क के दूसरी तरफ पहुंच गई। उन्होंने आगे बताया कि दुर्घटना के 45 मिनट बाद एंबुलेंस पहुंची और राहत कार्य शुरू हुए। उनके अनुसार, यदि एंबुलेंस थोड़ी जल्दी आ जाती तो उनमें से कम से कम कुछ लोगों की जान बचाई जा सकती थी।
बुलढ़ाणा जिले के पुलिस अधीक्षक सारंग आव्हाड ने बताया कि कार गिरने के बाद स्किड होने से इसकी छत उड़ गई और उसमें सवार लोग सड़क पर बिखरे मिले। वाहन में कुल 13 लोग सवार थे और चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने से हादसा हुआ। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए। घायलों को आगे के इलाज के लिए औरंगाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में सवार सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं और औरंगाबाद के रहने वाले हैं। गाड़ी खुद गाड़ी का मालिक ही चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।