नेटवर्क महानगर/इंदौर
राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में आयोजित ‘संयुक्त क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह’ में महापत्तन न्यायनिर्णायिक बोर्ड (पूर्ववर्ती में महापत्तन प्रशुल्क प्राधिकरण), मुंबई को वर्ष 2024-25 के संघ की राजभाषा नीति के कार्यान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए क्षेत्रीय राजभाषा पुरस्कार, पश्चिम क्षेत्र, कार्यालय की श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान महापत्तन न्यायनिर्णायिक बोर्ड की राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार एवं उसके सतत् संवर्द्धन के प्रति समर्पित प्रयासों और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का प्रमाण है।
राजभाषा पुरस्कार, 20 जनवरी 2026 को इंदौर में आयोजित पश्चिम क्षेत्र के लिए संयुक्त क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदान किया गया। इसमें पुरस्कार स्वरूप शील्ड तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
समारोह में केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री, बंदी संजय कुमार के करकमलों द्वारा श्रीमती अनुराधा हरिहर शर्मा, निदेशक को शील्ड तथा शंकर लालवानी, लोकसभा सांसद, इंदौर, मध्य प्रदेश से रणधीर कुमार, प्रशासनिक अधिकारी व प्रभारी राजभाषा को राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इस क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन-सह-पुरस्कार वितरण समारोह में केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री बंदी संजय कुमार के साथ शंकर लालवानी, इंदौर, मध्य प्रदेश से लोकसभा सांसद, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति प्रो. राकेश सिंघई तथा केन्द्रीय गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग की सचिव, श्रीमती अंशुली आर्या समेत कई गणमान्य हस्तियां मौजूद थीं।
