Goa-Mumbai highway in Repoli area in Raigad where a car accident left nine people
मानगांव: महाराष्ट्र के रायगढ़ के रेपोली क्षेत्र में गोवा-मुंबई हाईवे पर गुरुवार (19जनवरी) को हुए ट्रक और कार के बीच भीषण हादसे में एक बच्चे सहित 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक अन्य बच्चा घायल है। टक्कर इतनी भीषण थी कि लाशों के टुकड़े-टुकड़े हो गए।
बताया जाता है कि ट्रक मुंबई की ओर जबकि कार रत्नागिरी जिले के गुहागर की ओर जा रही थी, तब यह हादसा हुआ। कार के क्षत-विक्षत अवशेष हादसे की तीव्रता की ओर इशारा कर रहे हैं। मरने वालों में 5 पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल एक बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू करा दिया। स्थानीय लोगों की मदद से हादसे में घायल बच्चे को कार से निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया हाईवे पर यातायात बहाल हो गया है और घटना की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा रायगढ़ जिले के मानगांव के पास मुंबई-गोवा हाइवे पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ है। ईको कार में सवार होकर 9 लोग मुंबई से गोवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में कार में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई है। इनमें चार महिलाएं व पांच पुरुष शामिल हैं। हालांकि, इसी कार में सवार एक चार साल का बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। वो कार की जर्जर बॉडी में बुरी तरह फंस गया था। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक रांग साइड से आ रहा था। इसके चलते ट्रक के अचानक सामने आ जाने से उसकी लाइट ईको कार ड्राइवर की आंखों पर पड़ी, जिससे वो स्टीयरिंग से अपना संतुलन खो बैठा और ड्राइवर हादसे को रोक नहीं सका।
