नागपुरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

केंद्रीय राज्यमंत्री आठवले बोले- मेरी सलाह मान लेते तो आज सीएम होते फडणवीस

मुंबई: केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कहा कि विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने अगर मेरी सलाह मानी होती, तो वे आज विपक्ष के नेता नहीं बल्कि मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश में काम कर रहे होते।
आरपीआई चीफ आठवले ने कहा कि मैंने फडणवीस को साल 2019 के विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद भाजपा और शिवसेना को ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद बांटने का फार्मूला दिया था, लेकिन वे शिवसेना को ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद देने के लिए तैयार नहीं हुए। यदि वे तैयार हो गए होते, तो उन पर विपक्ष का नेता बनने की नौबत न आती।

आगे आठवले ने कहा कि भाजपा सरकार में फडणवीस ने पांच साल तक अच्छे से मुख्यमंत्री पद संभाला था। अब वे विपक्ष के नेता पद की भूमिका प्रभावी रूप से निभा रहे हैं। इस बीच आठवले ने कहा कि राज्य सरकार को सरकारी कर्मचारियों की तरह पत्रकारों को भी 50 लाख रुपए का बीमा कवच लागू करना चाहिए।

रविवार को मुंबई मराठी पत्रकार संघ की ओर से कोरोना काल में सेवाएं देने वाले डॉक्टरों, समाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे और विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस, विजयसिंह पटवर्धन, विवेक गिरधारी सहित कई अन्य गणमान्य मौजूद थे।