ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र: राज्यपाल के पास विधान परिषद के नामित सदस्यों के लिए कैबिनेट द्वारा भेजी गई सूची नहीं

मुंबई: महाराष्ट्र के राज्यपाल सचिवालय ने कहा है कि राज्य विधान परिषद के लिए राज्यपाल द्वारा नामित किए जाने सदस्यों की सूची उपलब्ध नहीं है। इस संबंध में RTI से मांगा गया जवाब शनिवार को सामने आया है।
राजभवन भेजी गई सूची को महाराष्ट्र कैबिनेट ने नवंबर 2020 में मंजूरी दी थी। 22 अप्रैल को RTI कार्यकर्ता अनिल गलगली ने आवेदन देकर उस सूची का ब्योरा मांगा था। राज्यपाल सचिवालय ने कहा है कि विधान परिषद के नामित सदस्यों के लिए राज्य कैबिनेट द्वारा भेजी गई सूची उसके पास उपलब्ध नहीं है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा- राजभवन को भेजी जा चुकी है सूची
गलगली ने मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा राजभवन को सौंपे गए प्रस्ताव की स्थिति बताने की मांग करते हुए आवेदन दाखिल किया था। राजभवन के अवर सचिव जयराम चौधरी ने दो दिनों पहले सूचित किया कि यह (सूची) उनके पास उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा, अब मैंने गुमराह करने वाली सूचना के खिलाफ पहली अपील दाखिल की है। मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्री कहते हैं कि राजभवन को सूची भेजी जा चुकी है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सूची मुहैया कराने से इंकार किया है, क्योंकि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी द्वारा इस पर कोई फैसला नहीं लिया गया है और भिन्न उत्तर दे रहे हैं।