ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरवाशिमशहर और राज्य

महाराष्ट्र: वाशिम के हॉस्टल में 229 छात्र पाए गए कोरोना पॉजिटिव! प्रशासन में मचा हड़कंप…

वाशिम: महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से वृद्धि देखने को मिल रही है। हर दिन स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। यहां वाशिम के एक हॉस्टल में छात्रों की जांच हुई तो 229 छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए। 4 टीचर्स और 3 स्टाफ कर्मियों की भी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। एक अधिकारी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। रिसोड तहसील के देगांव स्थित एक स्कूल के छात्रावास से इन मामलों की पुष्टि हुई है।
वाशिम के कलेक्टर शंमुगराजन एस. बुधवार को स्कूल और स्थानीय अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा करने के लिए मौके पर पहुंचे और इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों-शिक्षक समुदाय सहित गांव के अन्य लोगों में वायरस के प्रसार को रोकने के लिए उठाए गए उपायों और अन्य सावधानियों की भी समीक्षा की।
इस छात्रावास में करीब 325 विद्यार्थी हैं, जिनमें से अधिकतर आसपास के जिलों से ताल्लुक रखते हैं। परिसर को अभी आइसोलेट कर दिया गया है और यहां इस वक्त कोविड-19 को ध्यान में रखकर बनाए गए मानकों को सख्ती से लागू किया जा रहा है।

महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। सबसे खराब हालात अमरावती के हैं। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 802 मामले सामने आए हैं। वहीं 10 लोगों की कोरोना के कारण मौत भी हो गई। वहीं मंगलवार को भी यहां 926 मामले सामने आए थे। लगातार बढ़ते मामलों के बीच अमरावती में लॉकडाउन भी लगाया जा चुका है।
वहीं पुणे के हालात भी चिंताजनक बने हुए हैं। पुणे में कोरोना के 743 मामले सामने आए हैं। लोगों जागरुकता अभियान शुरू किया गया है। महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को सभी जिला अधिकारियों और म्युनिसिपल कमिश्नरों को टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पिछले 2-3 हफ्ते से राज्य में रोजाना 60 हजार से ज्यादा टेस्ट हो रहे हैं।