ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरव्यवसायशहर और राज्य

मुंबई में ‘ऑड-ईवन’ के तहत खुलेंगी गैर-जरूरी दुकानें, 24 घंटे में 700 से कम केस

मुंबई: देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कोहराम अब कम होता नजर आ रहा है, लेकिन कोविड-19 से होने वाली मौतों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोरोना की वजह से अबतक तीन लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं महामारी के साथ ‘ब्लैक फंगस’ का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। कई राज्यों में ब्लैक फंगस को महामारी घोषित कर दिया गया है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 1.52 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जबकि 3128 के करीब मरीजों की मौत हुई है।

‘ऑड-ईवन’ के आधार पर खुलेंगी दुकानें
मुंबई में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 700 से भी कम नए मामले सामने आए। देश की आर्थिक राजधानी में संक्रमण में लगातार गिरावट के बाद पाबंदियों में ढील की शुरुआत हो गई है। अब यहां ‘ऑड-ईवन’ के आधार पर सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी दुकानें खुल सकेंगी। हालांकि, वीकेंड पर पाबंदियों में राहत नहीं होगी।
राज्य सरकार ने कोरोना केसों में लगातार गिरावट को देखते हुए छूट दी है। सोमवार को जारी आदेश में कहा गया है कि सभी गैर जरूरी वस्तुओं की दुकानें सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 7 बजे से 2 बजें तक खुलेंगी। हालांकि, किसी बाजार में आधी दुकानें ही खुलेंगी, क्योंकि ‘ऑड और ईवन’ का सिस्टम लागू होगा। वीकेंड पर आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर अन्य दुकानें बंद रहेंगी।

मुंबई में कोरोना केसों में लगातार गिरावट
मुंबई में सोमवार को कोरोना वायरस के 676 केस सामने आए तो 5570 लोग रिकवर हुए। 24 घंटे में यहां 29 लोगों की मौत हुई है। कोरोना के नए केसों की तुलना में रिकवरी का आंकड़ा अधिक होने की वजह से एक्टिव केसों में लगातार गिरावट आ रही है और अब कुल 22,390 मरीजों का इलाज चल रहा है।

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 15,077 नए केस, 184 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 33,000 मरीज स्वस्थ हुए लेकिन इस दौरान 500 मरीजों की मौत हो गई। सोमवार को 15,077 और नए मामलों के सामने आने से कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 57,46,892 हो गई है। इस दौरान 33,000 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमणमुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 53,95,370 हो गई है।
कुल मृतकों का आंकड़ा 95,344 पहुंच गया है। नए मरीजों की तुलना में स्वस्थ मरीजों की संख्या अधिक होने से सक्रिय मामलों में भी काफी गिरावट देखी गई है। इस दौरान सक्रिय मामलों में 21,234 की और कमी आने के बाद इन मामलों की संख्या अब 2,53,367 रह गई है।

वैक्सीन को लेकर केरल के मुख्यमंत्री ने 11 राज्यों के सीएम को लिखा पत्र
केरल के मुख्यमंत्री ने 11 राज्यों (तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र) के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर केंद्र से राज्यों के लिए आवश्यक टीकों की खरीद और निशुल्क वितरण की मांग करने का आग्रह किया।
केरल में बीते 24 घंटे में कोरोना के 12300 नए मामले सामने आए हैं और 174 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 28,867 लोग स्वस्थ भी हो गए।

…तो सख्त प्रतिबंध लगाए जाएंगे: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई की सड़कों पर भारी यातायात पर सोमवार को चिंता जाहिर करते हुये ऐसी स्थिति बने रहने पर लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध लागू किये जाने की चेतावनी दी। ठाकरे ने कहा, मैने कल रात जो भाषण किया था, उसकी जांच की। मैने नहीं कहा कि कोविड-19 प्रतिबंधों को हटाया जाएगा। सीएम ने कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही तो मुंबई में सख्त प्रतिबंध लगाना होगा। मुख्यमंत्री आज बांद्रा में दो मेट्रो लाइन के ट्रायल परिचालन और एलिवेटेड रोड के भूमिपूजन के मौके पर बोल रहे थे।