उत्तर मुंबईमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: समाज की एकता से ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है: अभिषेक मिश्र (पूर्व कैबिनेट मंत्री)

समाज के लोगों को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री डा.अभिषेक मिश्र

मुंबई/उत्तर प्रदेश, (राजेश जायसवाल): बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के एमसीए क्लब में रविवार की शाम विभिन्न राज्यों के ब्राह्मण समाज का जमावड़ा हुआ। मौका था ”चिरंजीवी परशुराम संस्थान” द्वारा आयोजित ब्राह्मण समाज स्नेह मिलन व सम्मान समारोह का।
कार्यक्रम का आयोजन अखिलेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे अभिषेक मिश्र और लम्भुआ (सुल्तानपुर) से सपा के पूर्व विधायक संतोष पांडेय के नेतृत्व किया गया था।
अभिषेक मिश्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बेहद करीबी हैं। अखिलेश यादव के राजनीतिक और सरकारी दोनों स्तरों पर प्रमुख रणनीतिकारों में से एक माने जाते हैं।
वहीँ पार्टी के पूर्व विधायक संतोष पांडेय की पहचान एक तेज-तर्रार व कद्दावर नेता के तौर पर है। श्री पांडेय भी सपा अध्यक्ष के खासमखास माने जाते हैं।

वक्ताओं ने क्या कहा…
फितूर हर उम्र का होता है जुदा-जुदा…पहले खिलौने, माशूका, रुतबा, फिर ख़ुदा

उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्र ने कहा कि आज देश में ऐसी ताकतें आ गई हैं जो हमें लड़ाना चाहती हैं। हमें इकठ्ठा होने की जरुरत है। समाज के लिए काम करने की जरूरत है। यह राष्ट्र निर्माण का सवाल है, देश को आगे बढ़ाने का सवाल है। हिंदुस्तान को इकठ्ठा करने का सवाल है। इससे हमारी ताकत और सत्ता में वृद्धि होगी। इसमें ब्राह्मणो ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। भारत का मुख्य आधार ही ब्राह्मणो से शुरू होता है।
आगे उन्होंने कहा कि हम भगवान परशुराम का भव्य मंदिर बनाने जा रहे हैं। भगवान परशुराम के एक हाथ में शास्त्र और तलवार वाला रूप भव्य है। हमें अनुसरण करना चाहिए। बिना इस रूप के नहीं चलेगा।

समाज के लोगों को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक संतोष पांडेय

समाज के मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहूँगा: संतोष पांडेय (पूर्व विधायक)
उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक संतोष पांडेय ने अपने सम्बोधन में कहा कि समाज को अपनों के साथ खड़ा रहने की जरूरत है। आज हमारा समाज बिखरा हुआ है, इसलिए हमारे अस्तित्व पर संकट है। इसे दूर करने के लिए हमने ये मुहिम शुरू किया है। हम लखनऊ में भगवान परशुराम का एक भव्य मंदिर बनाने की दिशा की में अग्रसर है। साढ़े छह करोड़ की लागत से बनने वाली भगवान परशुराम की यह प्रतिमा १०८ फ़ीट ऊँची होगी। यह मंदिर ब्राह्मण समाज को एक नई दिशा देने वाला होगा। हम मंदिर के साथ एक हॉस्टल भी बनाने जा रहे हैं जहां पर यूपीएससी और पीसीएस की तैयारी करने वाले अपने समाज के बच्चों को मुफ्त में शिक्षा और रहने-खाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आगे उन्होंने कहा कि जब मैंने यह अभियान शुरू किया तो लोग कह रहे थे कि यह कैसे संभव होगा? परन्तु आप लोगों ने आज मुंबई में इकठ्ठा होकर यह दिखा दिया कि अब यह काम संभव हो गया।

समाज के लोगों को सम्बोधित करते हुए आईपीएस अधिकारी जुगल किशोर तिवारी

सबसे पहले अपनों की बुराई बंद करनी चाहिए, हर ब्राह्मण अपना भाई है: जुगल किशोर तिवारी (आईपीएस अधिकारी)
आईपीएस अधिकारी जुगल किशोर तिवारी ने कहा कि आज ब्राह्मण को नहीं, संपूर्ण राष्ट्र और मानवता को संकट है। देश में सर्वत्र ब्राह्मणों को निशाना बनाया जा रहा है। आजादी के इतने वर्ष के बाद भी देश में ब्राह्मण विरुद्ध लगातार साजिशें और आरोप प्रत्यारोप हो रहा है। शेष समाज और सरकार की चुप्पी बहुत ही खतरनाक खेल की ओर इशारा कर रही हैं। इससे हमें सावधान रहने की जरूरत है। इसीलिए हमें सबसे पहले अपनों की बुराई बंद करनी चाहिए। अपने भाई के खिलाफ दूसरों की मदद लेना बंद करना होगा। हर ब्राह्मण मेरा भाई है।

शिक्षासेवक व वरिष्ठ समाजसेवी लल्लन तिवारी ने कहा कि समाज में सभी को अपने लोगों की दुख दूर करने के लिए आगे आना चाहिए।

युवा समाजसेवी प्रेम शुक्ल ने कहा कि मुंबई में हम एक ऐसी कोशिश कर रहे हैं कि शहर में समाज के लोगों की मदद करने के लिए एक टीम बनाएंगे जो सभी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
सायन के समाजसेवी संदीप शुक्ल ने कहा कि मुंबई में समाज के कई कार्यक्रम होते हैं, लेकिन यह पहला ऐसा कार्यक्रम हो रहा है जहां से समाज को दिशा मिली है। हम दूसरों के समाज की निदा नहीं करते हैं, ठीक उसी तरह हमें अपने समाज की निंदा करना बंद करनी चाहिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी डीएस उपाध्याय, अतुल पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार नवीन पांडेय, भाजपा नेता संजय उपाध्याय, श्वेता शालिनी, विनोद मिश्र, डॉ.राधेश्याम तिवारी, नरेश शर्मा, देवेंद्र शुक्ल, अनिल शुक्ल, सीपी मिश्र, गुड्डू पाठक, साकेत तिवारी, अधिवक्ता बद्री प्रसाद पांडेय, प्रदीप दुबे, अजय शुक्ल, संतोष पांडेय, लक्ष्मण द्विवेदी, विमलेश तिवारी, अरविंद मिश्र, अजय दुबे, बृजेश पांडेय, विजय, उपाध्याय, सुरेंद्र शुक्ल सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।