दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: स्थापना दिवस पर कांग्रेस ने दिया ‘भारत बचाओ-संविधान बचाओ’ का संदेश, निकाला तिरंगा मार्च

मुंबई: शनिवार को कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने पार्टी के स्थापना दिवस पर ‘भारत बचाओ-संविधान बचाओ’ के संदेश के साथ एक फ्लैग मार्च निकाला। अगस्त क्रांति मैदान से लेकर गिरगांव चौपाटी के पास लोकमान्य तिलक की प्रतिमा तक तिरंगा मार्च निकाला गया। कांग्रेस के महासचिव और महाराष्ट्र के प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे और राज्य इकाई के अन्य नेताओं ने मार्च में भाग लिया।
अगस्त क्रांति मैदान के पास तेजपाल हॉल में ध्वजारोहण समारोह के बाद मार्च शुरू हुआ। इसी हॉल में 1885 में कांग्रेस पार्टी की नींव रखी गई थी। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मार्च शुरू होने से पहले अगस्त क्रांति मैदान में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि दी।
बता दें कि अपने स्थापना दिवस पर पार्टी ने ट्वीट कर कहा कि देश के लिए बलिदान कांग्रेस पार्टी के लिए सबसे ऊपर है। हमारी स्थापना के बाद से, स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान और आगे भी हमेशा सबसे पहले भारत है।

इस कार्यक्रम में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड, कांग्रेस महासचिव-महाराष्ट्र प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे एवं महाराष्ट्र काँग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बालासाहेब थोरात के नेतृत्व में अन्य नेताओं व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय संविधान की प्रस्ताविका पढ़ी।
महाराष्ट्र के अलावा नयी दिल्ली में स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं ने दशकों से देश में बिना स्वार्थ के योगदान दिया है। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, पार्टी के वरिष्ठ नेता एके एंटनी, अहमद पटेल और कई अन्य नेता मौजूद थे।