ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: CCTV के जरिए मिला स्कूटर का नंबर, पकड़ा गया छेड़खानी का आरोपी

गिरफ्तार आरोपी अमन शेख

मुंबई: घाटकोपर क्राइम ब्रांच ने पिछले पखवाड़े मुलुंड में एक महिला के साथ हुए छेड़छाड़ की गुत्थी सुलझा ली है। इस केस में अमन शेख नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि इस घटना के सामने आने के बाद से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ था। 31 साल की महिला 13 दिसंबर की शाम जब जॉगिंग के लिए मुलुंड पूर्व में सर्विस रोड पर थी, तभी ठाणे से मुंबई की दिशा में स्कूटर पर आ रहे अमन की नजर महिला पर पड़ी। उसने अपना स्कूटर कुछ सेकंड के लिए रोका। फिर वह स्कूटर लेकर महिला के करीब आया और फिर उसकी पीठ पर हाथ मारकर कुछ दूर जाकर खड़ा हो गया। महिला जब उसकी ओर भागी, तो उसने अश्लील इशारा किया और फिर स्कूटर लेकर भाग गया।
महिला द्वारा पुलिस में शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच के डीसीपी अकबर पठान ने केस जांच के लिए सीनियर इंस्पेक्टर सतीश तावरे व संजय सुर्वे को सौंपा। जब महिला से पूछताछ हुई, तो उसने आरोपी के स्कूटर का अधूरा नंबर बताया। इस अधूरे नंबर का मुलुंड के सभी सीसीटीवी फुटेज से मिलान किया गया। उसमें फिर आरोपी के वाहन का पूरा नंबर मिला। उस नंबर से जब आरटीओ के जरिए आरोपी के घर का पता निकाला गया, तो वह कुर्ला का निकला। क्राइम ब्रांच टीम कई बार उस घर पहुंची, तो वह नहीं मिला। अंतत: वह सिपाही दीपक खरे द्वारा गुरुवार को ट्रैप में आया और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।