दिल्लीशहर और राज्य

सोनिया गांधी ने कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय पर किया ध्वजारोहण

नयी दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 75वें स्वतंत्रता दिवस पर पार्टी के मुख्यालय पर ध्वजारोहण किया। सोनिया के साथ पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा भी मौजूद रहे।
सोनिया और राहुल गांधी ने देश के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। इस दौरान कांग्रेस सेवादल और कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र नयी दिल्ली में 115 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर केजरीवाल ने सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे को याद किया। केजरीवाल ने कहा कि झंडा फहराते समय, मुझे ‘अन्ना आंदोलन’ के दिनों की याद आई, कैसे अन्ना जी ‘भारत माता की जय’ कहते थे।
इस मौके पर सीएम केजरीवाल ने कहा कि पूरी दिल्ली में ऐसे 500 तिरंगे बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 5 तिरंगे आज बनकर तैयार हो गए हैं। 26 जनवरी तक 500 तिरंगे बनकर तैयार हो जाएंगे। सीएम केजरीवाल ने कहा कि हमारा मकसद है कि कोई भी व्यक्ति अपने घर से बाहर निकले तो उसे एक-दो तिरंगे दिखाई दें जिससे उसमें देशभक्ति की भावना जाग सके।
केजरीवाल ने कहा कि जब हम अपना राष्ट्रीय ध्वज देखते हैं तो दिल में कुछ-कुछ होता है। देशभक्ति से रोंगटे खड़े हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा ये अमर तिरंगा हम सभी देशवासियों की उम्मीदों और सपनों को अपने में समेटे है। पूरी दिल्ली में ऐसे 500 तिरंगे लगाएंगे ताकि जब भी आप घर से बाहर निकलें तो अपना ये अमर तिरंगा आपको जरूर नजर आए।