नेटवर्क महानगर / मुंबई
राज्य में बढ़ते सियासी पारे के बीच मुंबई के खार से अंधेरगर्दी का एक मामला सामने आया है। यहां कई वर्षों पहले म्हाडा द्वारा व्यापारियों के लिए अलॉट किये गए जमीन को भाजपा के एक क्षेत्रीय विधायक के नाम पर हड़पने की कोशिश की जा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, खार (पश्चिम) स्थित गवर्मेंट हाउसिंग स्कीम खार कंज्यूमर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड की जमीन को भाजपा विधायक आशीष शेलार के निजी पीए द्वारा समाज मंदिर हॉल बनाने के नाम पर हड़पने की साजिश रची जा रही है? हद तो तब हो गई जब पिछले दिनों विधायक शेलार के पीए द्वारा अचानक सोसाइटी की संपत्ति को प्राइवेट जेसीबी लगाकर अवैध रूप से ध्वस्त कर दिया गया। जबकि, सोसायटी का आरोप है कि उनके पास इससे संबंधित कोई कानूनी दस्तावेज या म्हाडा की (एनओसी) नहीं है।

सोसाइटी ने मुंबई पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि म्हाडा द्वारा अलॉट किये गए जमीन पर गवर्मेंट हाउसिंग स्कीम खार कंज्यूमर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी द्वारा की गई संरचना के अनुसार, इमारत का निर्माण करना चाहती है। जिसके लिए उन्हें म्हाडा से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी प्राप्त है। परन्तु भाजपा विधायक आशीष शेलार के पीए द्वारा उस भूखंड को कब्जाने का प्रयास किये जाने पर स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाये जा रहे है। भाजपा विधायक के पीए द्वारा खुद खड़े होकर जबरन स्ट्रक्चर को तोड़वाने की घटना से स्थानीय लोग सदमें में हैं। उनका कहना है कि उनके पास इस जगह से संबंधित कोई कानूनी दस्तावेज नहीं है, उसके बावजूद भी विधायक के पीए द्वारा उस भूखंड को कब्जाने का प्रयास किये जाने पर स्थानीय पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बनी है। जो कि पुलिस के सहयोग से अवैध रूप से अतिक्रमण करने का एक स्पष्ट प्रयास माना जा रहा है। इस मामले की लिखित शिकायत किये जाने के बावजूद भी पुलिस मामले में लीपापोती कर रही है। सोसाइटी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस, म्हाडा और राज्य सरकार से मांग की है जबरन जमीन कब्जा करने वाले दोषियों सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में यहां अराजकता और तनाव का माहौल पैदा न हो। फिलहाल, सत्ता के बल पर जबरन और गैरकानूनी तरीके से की गई इस कार्यवाई को लेकर पूरे क्षेत्र में अशांति का माहौल व्याप्त है।
