ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरसांगली Maharashtra: सांगली में कांग्रेस को तगड़ा झटका, जयश्री पाटिल भाजपा में हुईं शामिल 18th June 2025 networkmahanagar 🔊 Listen to this नेटवर्क महानगर / मुंबई महाराष्ट्र के सांगली में कांग्रेस पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। यहां वसंतदादा पाटिल परिवार से जुड़ी और कांग्रेस के दिग्गज नेता मदन पाटिल की पत्नी जयश्री पाटिल बुधवार को भाजपा में शामिल हो गईं। विधानसभा चुनाव में बागी रहीं जयश्री पाटिल के भाजपा में शामिल होने से सांगली की राजनीति में भाजपा की ताकत और बढ़ेगी ऐसा माना जा रहा है। बता दें कि जयश्री पाटिल वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री स्वर्गीय मदन पाटिल की पत्नी हैं। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने इससे पहले जयश्री पाटिल से उनके निवास पर मुलाकात की थी। उसके बाद जयश्री पाटिल बुधवार को सीएम देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और अन्य नेताओं की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुईं। इससे पहले पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल के साथ भाजपा विधायक सुधीर गाडगिल, जिला अध्यक्ष सम्राट महाडिक, जनसुराज्य के समित कदम, भाजपा के शेखर इनामदार, सीबी पाटिल व अन्य नेता जयश्री पाटिल के निवास पर पहुंचे।स्थानीय निकाय चुनाव से पहले मदन पाटिल गुट को भाजपा के साथ लाने के लिए भाजपा के राज्यस्तरीय नेताओं ने जयश्री पाटिल से संपर्क किया था। विधानसभा में टिकट नहीं मिलने से थीं नाराज जयश्री पाटिल को विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया गया था। इसलिए उन्होंने बगावत करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ा था। तभी कांग्रेस ने उन्हें निलंबित कर दिया था। इसके बाद उन्होंने अलग राजनीतिक राह अपनाने का फैसला किया। कुछ दिन पहले उन्होंने कार्यकर्ताओं की राय मांगी थी। उन्हें भाजपा और एनसीपी से ऑफर मिले थे। आखिरकार उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया। गौरतलब है कि सांगली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने अब तक 16 चुनाव जीते हैं। इनमें से 5 चुनाव वसंतदादा पाटिल की मदद से जीते। 1980 में इंदिरा गांधी के आग्रह पर वसंतदादा पाटिल ने खुद चुनाव लड़ा था। उसके बाद वसंतदादा पाटिल के परिवार के सदस्यों ने लगातार 10 चुनाव लड़े और जीते। वसंतदादा के साथ-साथ शालिनीताई पाटिल, प्रकाश बापू पाटिल, मदन पाटिल, प्रतीक पाटिल और विशाल पाटिल अब तक लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। Post Views: 13