नेटवर्क महानगर
सवाई माधोपुर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार ट्रक ने भेड़ोली आश्रम से पैदल लौट रहे श्रद्धालुओं को कुचल दिया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शनिवार शाम चार बजे घाटा नैनवाड़ी गांव में मोरेल नदी की पुलिया के पास हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा सवाई माधोपुर के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि श्रद्धालु दर्शन कर लौट रहे थे और पैदल ही एक्सप्रेसवे पर चल रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी मृतक सवाई माधोपुर जिले के लालसोट क्षेत्र के चिमनपुरा गांव के रहने वाले थे। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित हुआ। सूचना मिलने पर मित्रपुरा, बौंली और लालसोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है, जो हादसे के बाद फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
हादसे में लाली देवी (45) पत्नी रामभजन मीणा, उनकी बेटी चायना मीणा (20) निवासी विजयपुरा पंचायत समिति झबड़ा (दौसा), उगन्ती (30) पत्नी मोहर सिंह मीणा निवासी चमनपुरा (लालसोट), ढोली देवी (35) पत्नी ताराचंद मीणा निवासी चमनपुरा (लालसोट) की मौत हुई है। जबकि संगीता (15) निवासी विजयपुरा और मंजू (15) निवासी चिमनपुरा घायल हो गए, मंजू को गंभीर हालत में जयपुर रेफर कर दिया है। घायल संगीता ने बताया कि हम 12 लोग दौसा के मंडावरी स्थित बीजासण माता खुर्रा गांव में धोक देकर वापस ट्रैक्टर-ट्रॉली से चिमनपुरा लौट रहे थे। घाटा नैनवाड़ी गांव में मोरेल नदी की पुलिया के पास ट्रैक्टर से उतर गए थे। इसके बाद हम सभी गांव लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर लालसोट विधायक रामविलास मीणा, लालसोट एसडीएम विजेंद्र मीणा, बौंली थाना पुलिस मौके पर पहुंची है।
सुरक्षा-व्यवस्था पर उठे सवाल?
यह हादसा भेड़ोली आश्रम से थोड़ी दूरी पर हुआ, जब श्रद्धालु अपने गांव लौट रहे थे। इस घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस तरह के हादसों को रोकने के लिए पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ते की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे तेज रफ्तार वाहन आए दिन हादसों का कारण बनते हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने जताया दु:ख
इस घटना पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए दुख जताया है। उन्होंने लिखा- लालसोट के समीप दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में कई श्रद्धालुओं के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करे। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती हूं।
