Municipal Commissioner Akshat Verma
अंकेश जायसवाल/वाराणसी
वाराणसी के तेज-तर्रार नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने नवरात्रि के प्रथम दिन शहर के विभिन्न नव दुर्गा मंदिरों, पूजा पंडालों और मूर्ति विसर्जन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, मार्ग मरम्मत, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल टैंकर और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से निपटने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले आदमपुर जोन स्थित शैलपुत्री देवी मंदिर के आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उत्कृष्ट साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने पीली कोठी स्थित धनेसरा तालाब और मछोदरी पार्क स्थित तालाब का निरीक्षण किया और मूर्ति विसर्जन से पहले वहां साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए सख्त निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने मछोदरी कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग की नालियों और इंटरलॉकिंग कार्य कराने, पार्क की दीवार की पेंटिंग कराने, एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने और पास स्थित मलबा केंद्र को पीली कोठी धनेसरा तालाब के पास स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना नगर निगम की पहली प्राथमिकता है, और किसी भी समस्या का तुरंत समाधान कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने स्थानिक लोगों से भी तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त के साथ जोनल अधिकारी पवन कुमार गुप्ता, मृत्युंजय नारायण मिश्रा, अधिशासी अभियंता (सिविल), सहायक अभियंता (सिविल/मार्ग प्रकाश/जलकल), सफाई एवं खाद्य निरीक्षक महेंद्र यादव और अपर्णा बाजपेई भी मौजूद रहे।
