नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई पुलिस ने शनिवार की देर रात को विक्रोली में अवैध हुक्का पार्लर से 27 लोगों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच की यूनिट 7 ने अवैध जापानी हुक्का पार्लर पर छापा मारा। मौके से 2 मैनेजर, 1 कैशियर, 12 कर्मचारी और 11 ग्राहकों (9 पुरुष और 2 महिलाएं) सहित 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया। मुंबई क्राइम ब्रांच ने हुक्का पार्लर से 10,300 रुपये नकद, 14 हुक्का सेट और हुक्का फ्लेवर के 7 डिब्बे भी जब्त किए हैं। पार्कसाइट पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 287, 125, 3(5) के साथ-साथ कोटपा, 2003 की धारा 4, 7 और 21, और 2018 अधिनियम के संशोधित प्रावधान 4(ए) और 21(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

युवा लड़के-लड़कियां हो रहे हुक्का के आदी!
मुंबई में अवैध हुक्का पार्लर का कारोबार जमकर फल-फूल रहा है। पुलिस लगातार ऐसे हुक्का पार्लरों पर कार्रवाई करती रहती है, लेकिन अब तक इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह से रोक नहीं लग पाई है। अधिकतर हुक्का पार्लर में नाबालिग लड़के-लड़कियों को भी एंट्री दी जाती है और नियमों का पालन नहीं किया जाता।
इससे पहले पुलिस ने नवी मुंबई में हुक्का पार्लरों पर कार्रवाई करते हुए, तीन दुकानें सील कर मामला दर्ज किया था।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 4 जून 2025 को एक गुप्त सूचना के आधार पर कोपरखैरणे स्थित एक कैफे पर छापा मारा गया था। सूचना मिली थी कि वह ग्राहकों को हुक्का उपलब्ध करा रहा है, जो महाराष्ट्र में प्रतिबंधित है और जांच में पाया गया कि तीन दुकानों का इस्तेमाल इस अवैध कारोबार को चलाने के लिए किया जा रहा था। खोपराखैराने पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक औदुंबर पाटिल ने कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत 1.5 करोड़ रुपये की तीन दुकानें सील कर दी गईं और हेमंत पंडित तथा नाडा अब्दुल मजीद जुमानी नाम के दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
फडणवीस सरकार ने साल 2018 में हुक्का पार्लर पर पाबंदी लगाई थी। इसके खिलाफ हुक्का पार्लर वाले हाईकोर्ट चले गए थे, तब अदालत ने हर्बल हुक्का पार्लर की अनुमति प्रदान की।
