Devendra Fadnavis
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार, 22 सितंबर को कहा कि मुंबई में पॉड टैक्सी सेवाएं शुरू की जाएगी। सह्याद्री अतिथि गृह में पॉड टैक्सी के संबंध में आयोजित बैठक में सीएम फडणवीस ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के कारण शहरों का विस्तार हो रहा है। नागरिकों को कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए लंबा सफर करना पड़ता है। इसलिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों को ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ उपलब्ध कराना अभी की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि परिवहन सेवा का अगला कदम ‘पॉड टैक्सी’ है और यह सेवा ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ के लिए नागरिकों को उपलब्ध कराई जाए।
कहां पॉड टैक्सी का है प्लान?
सीएम फडणवीस ने कहा कि कुर्ला से बांद्रा रेलवे स्टेशन के बीच स्थित ‘बिजनेस डिस्ट्रिक्ट’ में यह सेवा महत्वपूर्ण साबित होगी। यहां भविष्य में बनने वाला बुलेट ट्रेन स्टेशन, मुंबई उच्च न्यायालय होने के कारण इस क्षेत्र में नागरिकों की भीड़ बढ़ने वाली है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उपलब्ध परिवहन सेवा पर इसके कारण दबाव बढ़कर नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ने की संभावना है। भविष्य में इस क्षेत्र में नागरिकों को बिना विलंब और आसानी से परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के लिए पॉड टैक्सी एक बेहतर विकल्प हो सकता है।

सिंगल कार्ड को लेकर सीएम ने दिया ये निर्देश?
सीएम फडणवीस ने कहा कि मुंबई में सभी परिवहन सेवाओं में सिंगल कार्ड के माध्यम से यात्रा करने की व्यवस्था की जा रही है। इसी सिंगल कार्ड से पॉड टैक्सी की सेवा भी नागरिकों को मिलनी चाहिए, इस दिशा में तुरंत कार्यवाही की जाए। पॉड टैक्सी के अनुरूप कुर्ला और बांद्रा स्टेशन परिसर का विकास किया जाए।उन्होंने आगे कहा कि कुर्ला स्टेशन परिसर में स्थित पुलिस आवास की जगह पुलिस को उसी क्षेत्र में अन्य स्थान उपलब्ध कराया जाए। साथ ही बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स क्षेत्र की इमारतों को पॉड टैक्सी से स्टेशन से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र के व्यावसायिक महत्व को देखते हुए यह सेवा वैश्विक स्तर की होनी चाहिए, इसका ध्यान रखा जाए। स्टेशन के बाहर मौजूद स्काई वॉक का और बेहतर उपयोग करने के लिए अच्छी अवधारणाओं को लागू किया जाए।
बैठक में मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के आयुक्त संजय मुखर्जी, अपर मुख्य सचिव (परिवहन) संजय सेठी, अपर मुख्य सचिव (नगर विकास) असीम कुमार गुप्ता, प्रधान सचिव (गृह) अनुप कुमार सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
जानें- क्या होता है पॉड टैक्सी?
पॉड टैक्सी पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (PRT) प्रणाली का हिस्सा है, जिसमें पूरी तरह से ऑटोमेटेड, चालक विहीन (ड्राइवर लेस), इलेक्ट्रिक वाहन ऊंचे ट्रैक पर चलते हैं, इसमें कम संख्या में लोग एक साथ यात्रा करते हैं और ये भीड़ कम करने और परिवहन को अधिक कुशल बनाने में मदद करती हैं एक बार में जा सकते हैं। प्रत्येक पॉड में लगभग 6 से 8 यात्री यात्रा कर सकते हैं।
