नेटवर्क महानगर/मुंबई
चेंबूर पश्चिम के माहुल-घाटकोपर लिंक रोड स्थित पेस्तम सागर क्षेत्र में ग्लास फैक्ट्री के पास आम जनता एवं नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां ‘स्वच्छता ही सेवा’, ‘स्वच्छ मुंबई-सुंदर मुंबई’ की बड़ी-बड़ी होर्डिंग व बैनर लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने वाली देश की सबसे अमीर महानगरपालिका (BMC) खुद ही शहर की सफाई करने में रुचि नहीं दिखा रही है। जिससे सड़कों पर चलने वाले नागरिक और पर्यावरण दोनों को नुकसान होता दिखाई दे है। रोड पर जगह-जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी बीएमसी अधिकारी इस पर ध्यान ही नहीं दे रहे हैं। जिससे इस एरिया में चारों तरफ गंदगी का अंबार और कचरा फैला हुआ है। इसके अलावा नाले का ढक्कन खुला हुआ है, जो किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यहां कचराकुंडी उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण लोग मजबूरी में सड़क के किनारे कचरा फेंक कर चले जाते हैं। नागरिकों की मांग है कि तुरंत इस स्थान पर कचरे की पेटी लगाई जाए, ताकि सफाई व्यवस्था सुधर सके और सड़क पर गंदगी न फैले।
लोगों ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों की वजह से वाहनों की आवाजाही कठिन हो गई है और पैदल चलने वालों की सुरक्षा भी खतरे में है। यह स्थिति नागरिक सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। स्थानीय नागरिकों ने बार-बार प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराने की कोशिश की है। अब जरूरत है कि संबंधित विभाग इस पर तुरंत संज्ञान लेकर सफाई व्यवस्था और सड़क मरम्मत का कार्य प्राथमिकता पर करे, नहीं तो आम जनता इनके खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।
