Ajit Pawar News
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार धाराशिव में बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने पहुंचे थे, इस दौरान उन्होंने किसानों से भी बातचीत की। तभी एक किसान ने उपमुख्यमंत्री के सामने कर्ज माफी का मुद्दा उठाया। पीड़ित किसान की इस मांग को सुनते ही अजीत पवार अचानक अपना आपा खो बैठे और किसान पर भड़क गए। कर्ज माफी की मांग कर रहे किसान की ओर आंखे तरेरते हुए पवार ने गुस्से में कहा, उसे मुख्यमंत्री पद दे दो! क्या तुम्हें लगता है कि हम ‘कंचे’ खेलने आए हैं? मैंने सुबह 6 बजे करमाला से अपना दिन शुरू किया। आप सिर्फ काम करने वालों की आलोचना करते हैं। हमने अपनी प्यारी बहनों की बहुत मदद की है। आज भी, हम सालाना 45 हजार करोड़ की सहायता प्रदान करते हैं। हमने किसानों के बिजली के बिल माफ किए हैं और उसके लिए 20 हजार करोड़ का भुगतान करते हैं।
उपमुख्यमंत्री पवार ने आगे कहा कि मैं आपको एक बात बता दूं कि आप किसी भी अन्य चीज के बारे में दिखावा कर सकते हैं, लेकिन जब बात पैसे की हो तो आप दिखावा नहीं कर सकते। मैं वही कहता हूं..जो सच है। मैं राजनीति नहीं करना चाहता, लेकिन जरूरतमंदों की मदद करने में हम कहीं भी पीछे नहीं हट रहे हैं। पवार ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए केंद्र से सहायता मांगेगी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक औपचारिक पत्र सौंपेगी। ये पूरा वाकया उस समय हुआ, जब उपमुख्यमंत्री अजीत पवार बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का निरीक्षण करने पहुंचे थे। पवार ने बीड और आसपास के जिलों में फसल के नुकसान का आकलन किया। बता दें कि मराठवाड़ा में तेज बारिश के बाद से बाढ़ की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। जिससे कई लोगों की मौत हो गई है और हजारों हेक्टेयर से अधिक फसलें नष्ट हो गई हैं। धाराशिव (उस्मानाबाद) और बीड जैसे जिले सबसे ज़्यादा प्रभावित हुए हैं, जहाँ घरों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई गांव जलमग्न हो गए हैं।
