कल्याण कोर्ट परिसर में कैदियों ने पुलिस पर किया हमला
नेटवर्क महानगर/ठाणे
ठाणे जिले के कल्याण से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां कल्याण के कोर्ट परिसर में कैदियों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। कैदियों के इस हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। ये घटना तब हुई जब पुलिस आठ आरोपियों को कल्याण कोर्ट में पेशी के बाद वापस आधारवाड़ी जेल ले जा रही थी। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गाड़ी में पीछे बैठने को लेकर हुआ विवाद
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को जेल ले जाने के लिए एक गाड़ी बुलाई गई थी। गाड़ी में जगह कम होने के कारण पुलिस ने कुछ कैदियों को पीछे की तरफ बैठने को कहा। इस बात से नाराज हुए चार कैदियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। पुलिस ने हमलावर आरोपियों की पहचान आकाश वाल्मीकि, गणेश उर्फ शालू मरोठिया, योगींदर उर्फ भोलू धरमवीर मरोठिया और विवेक शंकर यादव के रूप में की है। इन चारों के खिलाफ पुलिस की टीम पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
आरोप है कि इन कैदियों ने पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ा और उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। इस दौरान एक पुलिस जवान घायल हो गया। इस घटना के बाद, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया। फिलहाल, इस तरह की घटनाएं पुलिस की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और यह दिखाती हैं कि कैसे अपराधी कानून के प्रति बेखौफ हो गए हैं और कानूनी कार्रवाई में बाधा डाल रहे हैं।
