राजेश जायसवाल/मुंबई
वडाला टीटी पुलिस स्टेशन के एक वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक और एक पुलिस उपनिरीक्षक को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस स्टेशन में तैनात वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत सुधाकर सरोदे (52) और पुलिस उपनिरीक्षक राहुल रमेश वाघमोडे (37), को एक विवाद मामले के संबंध में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने कथित तौर पर रिश्वत लेते समय शुक्रवार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानें- क्या है पूरा मामला?
59 वर्षीय शिकायतकर्ता का एक व्यक्ति के साथ समाज हॉल को लेकर विवाद चल रहा था। 7 सितंबर 2025 को शिकायतकर्ता और उसके प्रतिद्वंद्वी समूह के बीच एक और विवाद को लेकर दोनों समूह के लोग वडाला टीटी पुलिस स्टेशन में एकत्रित हुए। उस समय, विरोधी समूह की शिकायत के आधार पर पुलिस स्टेशन में शिकायतकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। प्रतिद्वंद्वी समूह की शिकायत पर पुलिस स्टेशन में पंजीकृत मामले में अपनी बेटी को एक आरोपी के रूप में नामित होने से बचाने के लिए अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर रिश्वत की मांग करने के बाद शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया था। पीएसआई वाघमोडे ने कथित तौर पर अपने लिए 50 हजार रुपये और सीनियर पीआई सरोदे के लिए 4 लाख रुपये की मांग की। उन्होंने 10 सितंबर 2025 को पहले ही 20 हजार रुपये स्वीकार कर लिए थे और बाद में सत्यापन के दौरान शुक्रवार, 26 सितंबर को 30 हजार रुपये और लिए। सीनियर पीआई सरोदे, 4 लाख रुपये में से पहली किश्त 2 लाख रुपये लेने के लिए सहमत हो गया, जबकि, पीएसआई वाघमोडे ने अपने हिस्से का 30 हजार रुपये पहले ही ले लिया था। दोनों लोक सेवकों को पंच गवाहों की उपस्थिति में रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों आरोपी अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धारा 7 (लोक सेवक के संबंध में कानूनी पारिश्रमिक के अलावा अन्य संतुष्टि लेना) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ इन नंबरों पर करें संपर्क
एसीबी ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी/कर्मचारी या कोई निजी व्यक्ति उनसे सरकारी कार्य करने के लिए रिश्वत मांगता है तो वे तुरंत उनसे 022-24921212 / 022- 24922618 / 9881128129 / 839093973 / whatsapp: 8828241064 इन नंबरों (टोल फ्री 1064) पर संपर्क करें।
