आरोपी चेतन भात्रे
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के उपनगर अंधेरी इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पारिवारिक कलह और लगातार झगड़ों से परेशान होकर 23 वर्षीय चेतन भात्रे ने अपने ही परिवार पर खौफनाक हमला करते हुए अपने पिता और दादा की बेरहमी से हत्या कर दी, और चाचा को चाकू से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चेतन सीधे पुलिस चौकी पहुंचा और खून से सने चाकू के साथ आत्मसमर्पण कर दिया।
मुंबई परिमंडल- 10 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) दत्ता नालावड़े ने बताया कि यह वारदात 23 सितम्बर (मंगलवार) की रात करीब 11 बजे अंधेरी के एमआईडीसी इलाके में हुई। आरोपी चेतन भात्रे जो कि पेशे से मेडिकल स्टोर में डिलीवरी बॉय का काम करता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि चेतन आये दिन घर में होने वाले झगड़ों और लोगों की शराब की लत से परेशान था। उसके पिता, दादा और चाचा अक्सर नशे में घर पर विवाद करते थे।
जिंदा होने पर पिता पर चाकू से किया दूसरी बार वार!
23 सितम्बर, वारदात की रात जब चेतन घर लौटा तो घर में फिर से झगड़ा चल रहा था। गुस्से में आकर चेतन ने किचन से चाकू उठाया और सबसे पहले अपने पिता मनोज भात्रे (57) पर वार किया। गंभीर रूप से घायल पिता बाहर शौचालय की तरफ भागे। इसके बाद शोर सुनकर घर में पहुंचे चाचा अनिल भात्रे (54) को भी चेतन ने चाकू से गले पर वार कर दिया। लहूलुहान चाचा किसी तरह बाहर भाग निकले, जहां स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें नायर अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है। इसी दौरान दादा बाबू भात्रे (79) लाठी लेकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो गुस्से से बेकाबू चेतन ने दादा को धक्का देकर बिस्तर पर गिरा दिया और उनके पेट पर बैठकर गला रेत कर बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी। जब उसे अहसास हुआ कि उसके दादा अब मर गए हैं तब उसे खयाल आया कि उसके पिता जिंदा और जख्मी हालत में घर से बाहर भाग कर गए हैं। वो अपने पिता की ओर भागा और उन्हें ढूंढकर दूसरा वार किया। इस वार से पिता की भी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके से चाकू किया गया बरामद
वारदात को अंजाम देने के बाद चेतन खून से लथपथ चाकू हाथ में लिए इलाके की पुलिस बीट पहुंचा और पुलिसकर्मियों को सब कुछ बता दिया। इसके बाद पुलिस उसे घटनास्थल पर लेकर गई और पूरे परिवार की स्थिति देखी और मौके से चाकू बरामद किया गया।
कई साल पहले घर छोड़कर चली गई थी मां
पुलिस पूछताछ में चेतन ने बताया है कि उसके पिता, दादा और चाचा तीनों ही शराब के आदी थे और अक्सर पीने के लिए उससे पैसे मांगते थे। उसके अनुसार, घर का खर्च केवल उसकी नौकरी से चल रहा था और परिवार के लोग उसके व उसकी बहन की कमाई का दुरुपयोग करते थे। चेतन ने यह भी बताया कि इसी वजह से उसकी मां कई साल पहले घर छोड़कर चली गई थी।

डीसीपी नलावड़े ने बताया कि आरोपी चेतन ने गुस्से और आक्रोश में आकर ये वारदात की। उन्होंने बताया कि वारदात की रात चेतन ने पहले अपने पिता और चाचा पर हमला किया, उसके बाद दादा की निर्मम हत्या कर दी। यह घटना पारिवारिक विवाद और नशे की वजह से हुई झगड़े का नतीजा है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कोर्ट ने उसे 8 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है। पुलिस को आरोपी के पड़ोसियों ने बताया कि रात के समय जब सब सो रहे थे तब यह घटना हुई। वो भी इस घटना के बाद से हैरान है। फिलहाल, पुलिस इस मामले के आगे की पूछताछ कर रही है।
