Samajwadi Party MLA Abu Asim Azmi
नेटवर्क महानगर/मुंबई
एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत पर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबू आजमी ने बधाई देते हुए कहा कि जो भी इससे रेवेन्यू मिला है वो पहलगाम के विक्टिम में बांट देना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारी टीम को पाकिस्तान के साथ खेलना ही नहीं चाहिए था। इस रकम को आंतकवाद में मारे गए लोगों को परिवारों को देना चाहिए।
सपा नेता आजमी ने आगे कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। सीजफायर क्यों किया? हम क्रिकेट क्यों खेलते हैं? प्रधानमंत्री इस बारे में जवाब देंगे। भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच का विपक्षी पार्टियां विरोध करती रही है। उनका कहना है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद ये मैच नहीं होना चाहिए था। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया। इसमें 100 से अधिक आतंकियों को सेना के जवानों ने ढेर कर दिया था।
विपक्षी दलों का कहना है कि शहीदों के सम्मान में ये मैच नहीं होना चाहिए था। वहीं, सरकार की दलील थी कि ये द्वीपक्षीय मुकाबला नहीं है। वहीं, पीएम मोदी ने पाकिस्तान के खिलाफ जीत पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र किया।
भारत की जीत पर पीएम मोदी गदगद
इस रोमांचक जीत के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम को अलग अंदाज में बधाई दी है। पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि ‘मैदान पर भी ऑपरेशन सिंदूर।’ जिस प्रकार इस फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को रौंदा है, उसे देख सभी देशवासियों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल से पाकिस्तान पर प्रहार किया था और अब क्रिकेट के मैदान पर बल्ले और गेंद से भी चित कर दिया है। भारत की जीत! हमारे क्रिकेटरों को बधाई!
भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर नौवीं बार एशिया कप जीता है। इसके बाद भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी से विजेता की ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। नकवी पुरस्कार वितरण समारोह शुरू होने से पहले एक तरफ खड़े थे और भारतीय खिलाड़ी 15 गज के भीतर खड़े थे। वहीं, बीसीसीआई ने ऐलान किया है कि एशिया कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम और सहयोगी स्टाफ को टूर्नामेंट में 21 करोड़ रूपये पुरस्कार देगा।
पाकिस्तान के खिलाफ तिलक का बल्ले से रनों का स्ट्राइक
पाकिस्तान के खिलाफ इस फाइनल मैच में अभिषेक शर्मा को लेकर काफी ज्यादा चर्चे हो रहे थे, लेकिन वो सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। उनके अलावा शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव भी सिंगल डिजिट स्कोर करके आउट हुए। लेकिन, तिलक वर्मा पाकिस्तान के गेंदबाजों के सामने बल्ला लेकर खड़े हो गए और मैदान पर ऐसी बल्लेबाजी कर डाली, जिसे देख पाकिस्तानी कांप उठे। तिलक ने 69 रनों की नाबाद पारी खेली और अंत तक खड़े होकर भारत को खिताब दिलाया!
शिवम दुबे और संजू सैमसन ने भी खेली लाजवाब पारी
शिवम दुबे और संजू सैमसन ने भी बल्ले से पाकिस्तानी गेंदबाजों की हवा निकाल दी। संजू ने तिलक के साथ मिलकर 57 रन जोड़े, जबकि दुबे और तिलक के बीच 60 रनों की विस्फोटक साझेदारी हुई, जहां से पूरा मुकाबला भारतीय टीम के पक्ष में झुक गया। सैमसन ने 21 गेंदों पर 24 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं, शिवम ने भी 22 गेंदों पर 33 रन बनाई और भारत के लिए रन चेज को आसान बना दिया। अंत में अपना इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला खेल रहे रिंकु सिंह को 1 रन बनाकर मैच को फिनिश कर दिया।
