नेटवर्क महानगर/मुंबई
मध्य रेलवे के भायखला स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मेमोरियल अस्पताल में शुरू उन्नत सुविधाओं का उद्घाटन रेलवे स्वास्थ्य सेवा के महानिदेशक डॉ. जगदीश चंद्र ने किया। उन्होंने आधिकारिक दौरे के दौरान नवस्थापित सर्जिकल इंटेंसिव केयर यूनिट (एसआईसीयू) तथा उन्नत चिकित्सा उपकरणों का उद्घाटन किया। यह अस्पताल मध्य रेल का प्रमुख टर्शियरी स्वास्थ्य केंद्र है।
18 बेड वाली अत्याधुनिक SICU के साथ-साथ 54 लाख रुपये की लागत वाली ड्रेगर एनेस्थीसिया मशीन, 54 लाख रुपये की लागत वाली अल्ट्रासाउंड मशीन और 1.3 करोड़ रुपये की लागत वाली हाई-एंड एडवांस्ड ऑर्थोपेडिक टेबल का भी उद्घाटन किया गया।
डॉ. जगदीश चंद्र ने अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं का भी निरीक्षण भी किया, जिनमें रेडियोलॉजी/सीटी स्कैन केंद्र, फिजियोथेरेपी विभाग, आकस्मिक चिकित्सा विभाग (कैजुअल्टी), आईसीयू, डायलिसिस केंद्र आदि का समावेश है। उन्होंने रेलवे लाभार्थियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने हेतु चल रही पहलों एवं अस्पताल की नैदानिक सेवाओं की समीक्षा की।
इस अवसर पर अस्पताल की सुविधाओं, उपलब्धियों एवं सेवाओं को प्रदर्शित करने वाली एक ई-पत्रिका का भी विमोचन किया गया। उक्त मौके पर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. ममता शर्मा, मध्य रेल के प्रधान विभागाध्यक्ष (पीएचओडी), डॉ. उषा जगदीश चंद्र, मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष स्निग्धा श्रीवास्तव, डीआरएम हिरेश मीना, चिकित्सा निदेशक डॉ. कनकरया सहित अस्पताल व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
50 हजार का नगद पुरस्कार
इस दौरान डॉ. जगदीश चंद्र ने स्वास्थ्य अवसंरचना के आधुनिकीकरण तथा उन्नत चिकित्सा प्रौद्योगिकियों को अपनाने के लिए मध्य रेल के निरंतर प्रयासों की जमकर सराहना की। अस्पताल के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के सतत प्रयासों के सम्मान में उन्होंने डॉ. बी.ए.एम. अस्पताल को 50 हजार के नकद पुरस्कार की घोषणा भी की है।
