नेटवर्क महानगर/मुंबई
कुरार पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत अप्पा पाड़ा इलाके के पास एक शख्स ने चाकू से चार लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। चाकू से किए गए इस हमले में आकाश धोत्रे नामक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। इसके अलावा तीन लोगों के जख्मी होने की खबर है, जिन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद तीनों घायलों को मुंबई के शताब्दी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। घटना के बाद कुरार पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है और अब तक दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। कुरार पुलिस अब पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, इस हमले में आकाश धोत्रे गंभीर रूप से घायल हो गया और फिर उसकी मौत हो गई। बाकी तीनों घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। कुरार पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि पता लगा रही है कि हमले के पीछे की वजह क्या थी? शुरुआती जांच में कुरार पुलिस सभी संभावित एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हमला अचानक हुआ या फिर इसके लिए पहले से कोई प्लानिंग की गई थी? इस हमले की वजह से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। घटना के बाद अप्पा पाड़ा इलाके में पुलिस की मौजूदगी को बढ़ा दी गई है।
CCTV की फुटेज खंगाल रही पुलिस
कुरार पुलिस के मुताबिक, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और हमले की वजह का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाला जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
