नेटवर्क महानगर/अमरावती
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि महामार्ग पर रविवार, (28 जून 2026) को एक बार फिर तेज रफ्तार का खूनी खेल देखने को मिला। यहां एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर को नागपुर से मुंबई की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त और भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। यह दर्दनाक हादसा जिले के धामणगांव रेलवे तहसील क्षेत्र से गुजरने वाले समृद्धि महामार्ग पर हुआ। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक का नियंत्रण खोने या ट्रक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी, कार में सवार सभी पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक मासूम छोटी बच्ची शामिल है। सभी मृतक चंद्रपुर जिले के रहने वाले हैं और एक ही परिवार के सदस्य थे। परिवार किसी निजी काम से मुंबई की ओर जा रहा था, लेकिन बीच रास्ते में ही पूरा परिवार इस ख़ौफनाक हादसे का शिकार हो गया। पुलिस शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जता रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन और पुलिस जांच शुरू
घटना की भयावहता को देखकर हाईवे से गुजरने वाले अन्य राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और समृद्धि महामार्ग की आपातकालीन बचाव सेवाओं की टीमें क्रेन और कटर के साथ मौके पर पहुंचीं। कार की बॉडी को काटकर शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और चंद्रपुर में मृतकों के रिश्तेदारों को सूचित कर दिया गया है।
सभी मृतकों की हुई पहचान!
इस भीषण दुर्घटना ने चंद्रपुर जिले के बाहुपेठ डीएड कॉलेज के पास रहने वाले जीवने परिवार की दुनिया ही उजाड़ दी। मृतकों की पहचान भास्कर महादेव जीवने (57), उनकी पत्नी लता महादेव जीवने (43), बेटा महादेव जीवने (42), बहू आरती जीवने (40) और 12 वर्षीय पोती त्रिशा जीवने के रूप में हुई है। इस हादसे में परिवार की तीन पीढ़ियां माता-पिता, बेटा-बहू और पोती एक साथ काल के गाल में समा गईं।
बताया जा रहा है कि यह दर्दनाक हादसा रविवार दोपहर करीब 12 बजे धामणगांव रेलवे तहसील के पास हुआ, जब यह परिवार एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था।
हाईवे पर रफ्तार के कहर से सुरक्षा पर फिर उठे सवाल?
इस भीषण हादसे के बाद एक बार फिर समृद्धि महामार्ग पर वाहनों की अनियंत्रित गति और सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों और एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने वाले चालकों का कहना है कि हाईवे पर जगह-जगह सीसीटीवी (CCTV) कैमरे और स्पीड गन लगे होने के बावजूद तेज रफ्तार पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। इस हाईवे पर आए दिन होने वाले हादसों को रोकने के लिए अब पुलिस द्वारा सख्त पेट्रोलिंग और गति नियंत्रण के लिए अधिक प्रभावी कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।
