नेटवर्क महानगर/मिर्जापुर
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में गुरुवार, (16 जुलाई) को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक के घर में घुस जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा अहरौरा क्षेत्र के कुदारन चौराहे के पास हुआ। गर्मी के चलते घर के बाहर सो रहे कई लोग ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। गुस्साई भीड़ ने मौके पर पहुंची पर पथराव कर दिया। पथराव में एक दरोगा और चार सिपाही घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की सुबह करीब 3 बजे वाराणसी से सोनभद्र जा रहे एक ट्रक का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में घुस गया। मलबे में दबने से घटनास्थल पर तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी चचेरी मोड़, चुनार भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया। सूचना पाकर गुरुवार सुबह करीब आठ बजे मृतकों के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हुए और वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी कहासुनी भी हुई। आरोप है कि एक पुलिसकर्मी ने एक ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद आक्रोश काफी बढ़ गया और हालत बेकाबू हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में कई पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी बुलाई गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। ग्रामीणों के पथराव में एक दरोगा और चार सिपाही घायल हो गए।
हादसे में तीन लोगों की मौत!
हादसे में कुदारन के राजाराम (47), सुखिया (70) और चांदतारा (45) की मौत हो गई। वहीं, 12 वर्षीय सुहानी निवासी मुजेहरा देहात कोतवाली तथा 45 वर्षीय सुनील शर्मा निवासी कुदारन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस कहना है कि, प्रारंभिक जांच में ट्रक का टायर फटना हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के संबंध में भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों का समुचित उपचार कराया जाए तथा उनके इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
