नेटवर्क महानगर/मुंबई
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार, (15 अगस्त) को पूरे देश में उत्साह और देशभक्ति के माहौल के बीच राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान और शान तिरंगा झंडा फहराया गया। इसी क्रम में मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने सुबह ठीक 7 बजे भायखला स्थित महापौर बंगले पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत की। इस ध्वजारोहण कार्यक्रम में मुंबई महानगरपालिका के उपायुक्त (डिवीजन-1) चंदा जाधव, डिवीजन-1 के सहायक आयुक्त आनंद कंकाल समेत मुंबई महानगरपालिका के कई अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। समारोह के दौरान राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों ने समारोह को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी की थी।

महापौर ने स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन, तिरंगे को दी सलामी!
ध्वजारोहण के बाद महापौर रितु तावड़े ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और देश के लिए बलिदान देने वाले महान व्यक्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ‘स्वतंत्रता दिवस’ हमें उन महान लोगों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है, जिनके कारण देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि आजादी केवल एक अधिकार नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी भी है। हर नागरिक को देश के विकास और प्रगति में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। इसी क्रम में महापौर रितु तावड़े ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय पर झंडा फहराकर. स्वर्गीय वासुदेव बालकृष्ण वारलीकर की 54वीं पुण्यतिथि पर मेयर हॉल में उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण किया।
