नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के कोलाबा स्थित बेहद सुरक्षित माने जाने वाले नेवी नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां नेवी नगर में एक नौसेना कर्मचारी, उनकी पत्नी और दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। आशंका है कि नौसैनिक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की और पत्नी व बच्चों की मौत जहर से हुई। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नौसैनिक का शव घर में फंदे से लटका मिला जबकि पत्नी और दो बच्चों की मौत की वजह सामने नहीं आई है।
भारतीय नौसेना के अनुसार, यह घटना 15 अगस्त 2026 को सामने आई। मृत बच्चों में दो महीने का एक शिशु और तीन साल का बच्चा शामिल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पत्नी और बच्चों की मौत जहर देने से होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है और घटनास्थल की भी जांच की गई है।
भारतीय नौसेना ने भी घटना की पुष्टि की है और कहा है कि वह इस मामले में हरसंभव सहायता कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
कफ परेड पुलिस के अनुसार, नाविक का शव शनिवार रात उसके घर में फंदे से लटका मिला तथा परिसर में उसकी पत्नी और दो महीने एवं तीन वर्ष की उम्र के उसके बच्चों के शव भी मिले। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि व्यक्ति ने आत्महत्या की, जबकि उसकी पत्नी और बच्चों को जहर दिया गया। उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
