नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले को पार्टी ने एक बार फिर बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। बीजेपी ने उन्हें राजस्थान में होने वाले आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए सह-प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने यह नियुक्ति की है।
बता दें कि राजस्थान में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को देखते हुए भाजपा ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी रणनीति और प्रबंधन के लिए अलग-अलग राज्यों के अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस टीम में महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के अलावा दिल्ली सरकार के मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह, सांसद संगीता यादव, सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और पार्टी नेता रोहन गुप्ता को भी सह-प्रभारी बनाया गया है। जबकि पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को राजस्थान स्थानीय निकाय चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
राजस्थान में भाजपा इस बार स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दे रही है। पार्टी की ओर से महाराष्ट्र के अनुभवी नेता को जिम्मेदारी दिया जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बावनकुले को संगठन निर्माण, चुनावी प्रबंधन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय का लंबा अनुभव है। बावनकुले महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान संगठनात्मक स्तर पर काम करने का उनका अनुभव पार्टी के लिए राजस्थान में उपयोगी साबित हो सकता है।

महाराष्ट्र की राजनीति में भी चर्चा तेज
बीजेपी के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले को राजस्थान की चुनावी जिम्मेदारी ऐसे समय मिली है, जब महाराष्ट्र की राजनीति में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के भविष्य और केंद्र की राजनीति में संभावित भूमिका को लेकर अटकलें चल रही हैं। ऐसे में बावनकुले को राजस्थान जैसे महत्वपूर्ण राज्य के चुनाव की जिम्मेदारी मिलने के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई है।
हालांकि, राजस्थान की जिम्मेदारी को महाराष्ट्र की सत्ता या नेतृत्व में किसी संभावित बदलाव से जोड़कर देखना फिलहाल सिर्फ राजनीतिक अटकल है। पार्टी की ओर से ऐसा कोई संकेत नहीं दिया गया है। फिलहाल, बावनकुले के सामने राजस्थान में पार्टी के स्थानीय निकाय चुनाव अभियान को मजबूत करने और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की चुनौती होगी।
चुनाव से पहले BJP ने बनाई मजबूत टीम
राजस्थान में नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर भाजपा ने अलग-अलग राज्यों के अनुभवी नेताओं को मैदान में उतारा है। पार्टी की कोशिश स्थानीय स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और चुनावी रणनीति को प्रभावी तरीके से लागू करने की है।
