नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई की BDD चॉल पुनर्विकास को लेकर वर्षों से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि अब सरकार का पैर ब्रेक पर नहीं, बल्कि एक्सेलेरेटर पर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि BDD प्रोजेक्ट 100 प्रतिशत समय पर पूरा किया जाएगा।
धनतेरस के दिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाथों लोअर परेल के एन. एम. जोशी मार्ग पर 557 परिवारों को 500 स्क्वायर फीट के फर्निश्ड घरों की चाबियां सौपीं गई।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि पूरे प्रोजेक्ट में घरों का वितरण दिसंबर 2029 तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश का यह ऐतिहासिक प्रोजेक्ट, जो कई सालों से रुका हुआ था, अब पूरी गति से आगे बढ़ेगा। शिंदे ने ऐलान किया कि लोगों की मांग पर पुलिस के घरों की कीमत 50 लाख रुपये से घटाकर 15 लाख रुपये करने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा कंस्ट्रक्शन कॉस्ट में अंतर और अन्य सुझावों पर भी सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि म्हाडा मुनाफा कमाने वाली संस्था नहीं, बल्कि लोगों को अच्छे घर और सुविधाएं देने वाली संस्था है। उन्होंने बताया कि यूनिफाइड DCPR में बदलाव कर रुके हुए पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाई गई है। क्लस्टर डेवलपमेंट के माध्यम से निवासियों को पार्क, ओपन स्पेस, क्लब हाउस और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने शापूरजी, टाटा और L&T जैसे डेवलपर्स को गुणवत्ता और समय का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

मुंबई में 20-25 लाख घर बनाने का लक्ष्य: शिंदे
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि रमाबाई अंबेडकर नगर में रुके हुए 16,000 घरों के प्रोजेक्ट को SRA और MMRDA के माध्यम से गति दी गई है। उनके मुख्यमंत्री रहते हुए 160 करोड़ रुपये के किराए के चेक बांटे गए थे। म्हाडा के 1,000 घरों के लिए 1.5 लाख आवेदन आना गुणवत्ता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कोस्टल रोड, अटल सेतु, मेट्रो, वर्ली-वर्सोवा-मीरा-भायंदर मार्ग, ईस्टर्न एक्सप्रेस एलिवेटेड रोड, घोड़बंदर बाईपास, ऑरेंज गेट-मरीन ड्राइव टनल और वर्ली-शिवडी लिंक रोड से मुंबई की तस्वीर बदल रही है। रेस कोर्स की 125 एकड़ और कोस्टल रोड किनारे की 150 एकड़ जमीन मिलाकर 300 एकड़ में वर्ल्ड-क्लास पार्क बनाया जाएगा, जहां कोई कंस्ट्रक्शन नहीं होगा।
शिंदे ने आगे कहा कि अगले 15 से 20 वर्षों में मुंबई-MMR में 20 से 25 लाख घर बनाने का लक्ष्य है। महिला कामगार, छात्र, वरिष्ठ नागरिक और मिल मजदूरों के लिए किफायती और किराए के घर बनाए जाएंगे। शिंदे ने दिवंगत बालासाहेब ठाकरे के 40 लाख घरों के सपने को पूरा कर मुंबई को झुग्गी-मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया। अंत में उन्होंने BDD आंदोलन में शामिल युवाओं पर दर्ज केस वापस लेने पर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया और सभी से सूखे से प्रभावित किसानों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
इस वितरण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर, विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर, कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार, राज्यमंत्री पंकज भोयर, सांसद मिलिंद देवड़ा, महापौर रितु तावड़े, उपमहापौर संजय घाडी, विधायक सुनील शिंदे, विधायक मनीषा कायंदे, शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शायना एनसी, म्हाडा के उपाध्यक्ष संजीव जायसवाल, मिलिंद शंभरकर, मिलिंद बोरीकर सहित कई अन्य गणमान्य और लाभार्थी मौजूद रहे।
