नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी के रोहनियां थाना क्षेत्र में बीती रात दो नकाबपोश बदमाशों ने योगी सरकार की सख्त और दुरुस्त कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती देते हुए सौरव विहार कालोनी (अखरी) के पास एक जनरल स्टोर व्यवसाई को सरेराह गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यवसाई ने मंगलवार, (9 जून) की सुबह बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रोहनियां के अवलेशपुर निवासी जितेंद्र कुमार पटेल (40) जनरल स्टोर की दुकान चलाते थे। बीती रात जब वह अपनी दुकान बंदकर घर लौट रहे थे उसी वक्त सौरव विहार कालोनी (अखरी) के पास घात लगाकर बैठे बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई एक गोली जितेंद्र के सिर के बगल से निकल गई, जबकि दूसरी गोली उनकी पीठ में जा धंसी। गोली लगने के बावजूद जितेंद्र ने गजब का साहस दिखाया और वह खुद बाइक चलाकर अपने घर पहुंचे। उन्होंने अपनी मां सुदामा देवी को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक की मां सुदामा देवी और पत्नी रेनू का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्हें ढांढस बंधाने में रिश्तेदार और पड़ोसी जुटे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रोहनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने खून से लथपथ घायल जितेंद्र को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जितेंद्र अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। वह अपने पीछे दो छोटे बेटों अतुल कुमार (11वर्ष) और आयुष कुमार (9 वर्ष) को छोड़ गए हैं।
दो साल पुराना जमीन विवाद बना हत्या की वजह!
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस हत्या के पीछे बबुरी स्थित एक जमीन का विवाद सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि बबुरी में जितेंद्र की एक जमीन थी, जिसकी रजिस्ट्री करीब दो साल पहले हुई थी। इस जमीन को लेकर कोर्ट में मुकदमा भी चल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। फिलहाल, डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। घटना के खुलासे के लिए डीसीपी ने टीमें गठित कर दी है। पुलिस हर एंगल को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।

पुलिस खंगाल रही है CCTV फुटेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए रोहनियां पुलिस ने हमलावरों की धरपकड़ के लिए इलाके की घेराबंदी कर जांच तेज कर दी है। पुलिस सौरव विहार कालोनी और अखरी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि नकाबपोश बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
