उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़

Hathras में सत्संग के दौरान भगदड़, 116 लोगों की मौत! पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक सत्संग के दौरान भगदड़ मच जाने के कारण 116 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 150 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। भगदड़ के बाद श्रद्धालुओं को हॉस्पिटल ले जाया गया है। यह सत्संग मंगलवार को सिकंदरा राऊ के फुलरई गांव में आयोजित किया गया था। हादसे का शिकार हुईं कई घायल महिलाओं और बच्चों को एटा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हालांकि, बाकी जगहों से आंकड़े सामने आने के बाद मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।


मिली जानकारी के मुताबिक, पुलराई गांव में मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे दर्दनाक हादसा हुआ। यहां भोले बाबा नाम से मशहूर बाबा साकार विश्व हरि का सत्संग हर मंगलवार को आयोजित किया जाता है। इसी में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचे थे। ज्यादातर भक्त एटा और हाथरस के रहने वाले हैं। भोले बाबा के सत्संग के बाद पूजा समापन के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। जिसके चलते अब तक 116 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे घायल हुए हैं।
एक प्रत्यक्षदर्शी रामदास ने बताया कि वह अपनी पत्नी को दवा दिलाने के लिए अलीगढ़ लेकर गए थे। वहां से लौटकर सत्संग में शामिल होने के लिए आए। रामदास सेवादारों के पास बाहर बैठ गए, जबकि, उनकी पत्नी सत्संग में अंदर चली गईं और हादसे का शिकार हो गईं। रामदास ने कहा कि उन्हें बताया गया कि उनकी पत्नी को एंबुलेंस में अस्पताल लेकर गए हैं। रामदास ने बताया कि हम पंडाल से दूर बैठे थे, हमने देखा कि अचानक से भीड़ निकली, करीब डेढ़ से 2 लाख लोगों की भीड़ थी। 50 से 60 बीघा का खेत था, जिसमें पंडाल बनाया गया।

दम घुटने से मची भगदड़
अलीगढ़ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शलभ माथुर ने बताया कि सत्संग के कार्यक्रम में जगह कम थी लेकिन भीड़ बहुत ज्यादा हो गई थी। गर्मी और मौसम की मार की वजह से कई लोगों का पंडाल के नीचे दम घुट गया और इसी वजह से भगदड़ मच गई। घायलों के इलाज की व्यवस्था अलग-अलग हॉस्पिटल में कराई गई है। जो गंभीर रूप से घायल हैं उन्हें बड़े अस्पतालों में भेजा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, बुधवार को जाएंगे हाथरस
इस भीषण हादसे पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर तत्काल प्रभाव से राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। घायलों को पुख्ता इलाज मुहैया कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। सीएम योगी के निर्देश पर घटना की जांच के लिए कमेठी गठित की गई है।अलीगढ़ मंडल के वरिष्ठ अफसर की कमेटी इस पूरे मामले की जांच करेगी। एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। सीएम योगी घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए बुधवार को हाथरस जाएंगे, जहां सीएम पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। सीएम योगी के साथ प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद भी वहां मौजूद रहेंगे। सीएम योगी ने घोषणा की है कि मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं इस हादसे में जो लोग घायल हुए हैं उन्हें 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

पीएम मोदी ने सीएम योगी से की बात
हाथरस दुखद हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया- उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुखद हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से बात की। यूपी सरकार सभी पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटी हुई है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं…।

हेल्पलाइन नंबर जारी
हाथरस के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्रांतर्गत हुई दुःखद दुर्घटना को लेकर जिला प्रशासन ने आम लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 05722227041 तथा 05722227042 जारी किए हैं। दुर्घटना के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन द्वारा घटना की स्थिति पर दृष्टि बनाते हुए आम लोगों की सहायता हेतु हेल्पलाईन नंबर 9259189726 तथा 9084382490 जारी किये गये हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाथरस हादसे में मरने वाले लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करके लिखा है कि श्रद्धालुओं की मौत का समाचार बहुत हृदय विदारक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है।