Maharashtra Budget Session 2026
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र विधानसभा में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बजट में कई बड़े ऐलान करते हुए राज्य के किसानों के लिए कर्जमाफी योजना शुरू करने की घोषणा की है। सीएम फडणवीस ने किसानों के लिए ”पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर शेतकरी कर्जमाफी योजना” शुरू करने का ऐलान करते हुए कहा कि इससे राज्य के किसानों को सीधा लाभ पहुंचेगा। उन्होंने आगे कहा कि इस योजना के तहत किसानों का दो लाख रुपए तक का कृषि कर्ज माफ किया जाएगा। इसके साथ ही जो किसान नियमित रूप से अपना कर्ज चुकाते हैं, उन्हें सरकार की ओर से 50 हजार रुपए का प्रोत्साहन अनुदान दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक राहत देना और समय पर कर्ज चुकाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में किसानों के लिए ऋण माफी के लिए एक समिति का गठन किया गया है। योजना के तहत 30 सितंबर, 2025 तक फसल ऋण के बकायेदारों को 2 लाख रुपए तक का ऋण माफ किया जाएगा। जो भी किसान ऋण लेते हैं और नियमित रूप से उसका भुगतान करते हैं, ऐसे पात्र किसानों को 50 हजार रुपए तक के प्रोत्साहन लाभ दिए जाएंगे। बैंकिंग प्रणाली की दक्षता सुनिश्चित करने के लिए हम समिति की सिफारिशों के मुताबिक निर्णय लेंगे।समिति की सिफारिशों के आधार पर एक दीर्घकालिक योजना बनाई जाएगी।
आगे भी जारी रहेगी ”लाडकी बहन योजना”
मुख्यमंत्री फडणवीस ने महाराष्ट्र विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लाडकी बहन योजना महाराष्ट्र में इसके आगे भी शुरू रहेगी। उसके लिए बजट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि ”लाडकी बहन योजना” इसी तरह आगे भी जारी रहेगी। इस योजना के लिए आवश्यक और ठोस प्रावधान किए गए हैं। एकल महिलाओं के कल्याण के लिए शीघ्र ही एक नीति लाई जाएगी। इसका उद्देश्य 25 लाख बहनों को करोड़पति बनाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग करते हुए 75 गांवों में पायलट परियोजना लागू करेगी। महाराष्ट्र देश का वित्तीय इंजन है, 2047 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा. महाराष्ट्र सरकार लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए AI का उपयोग करते हुए 75 गांवों में पायलट परियोजना लागू करेगी।
कई और बड़ी योजनाओं का ऐलान..
पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर शेतकरी कर्जमाफी योजना
महाराष्ट्र प्राकृतिक कृषि मिशन
मत्स्य पालन योजना
ग्रामीण पशुधन उद्यमी योजना
महाराष्ट्र बलिराजा शेत पानंद सड़क योजना
