ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

Navi Mumbai: सीवुड्स के झील में मिली 19 साल की लड़की की लाश, जिससे करती थी प्यार वह भी लापता

नवी मुंबई: नवी मुंबई में बुधवार शाम को एक 19 साल की लड़की का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई है। युवती की गला घोंटने से मौत हुई है। वह 22 साल के जिस युवक से प्यार करती थी। वह भी लापता है। ऐसे में आशंका व्यक्त की जा रही है कि प्रेमिका को मौत के घाट उतारने के बाद वह भी झील में कूद गया होगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नवी मुंबई के सीवुड्स स्थित झील में मछली पकड़ने वाले मछुआरों को एक 19 साल की लड़की का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो युवती की पहचान नेरूल के जूनियर कॉलेज की छात्रा भाविका मोरे के रूप में हुई। वह पनवेल में रहने वाले 22 वर्षीय लड़के स्वास्तिक पटेल से प्यार करती थी।
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि बुधवार शाम को 4 बजे युवक-युवती झील के किनारे आते हुए नजर आ रहे थे। इसके बाद लड़का वापस लौटते हुए भी नजर नहीं आया। इस कारण संभावना जताई जा रही है कि युवती की हत्या करने के बाद वह भी झील में कूद गया होगा। चूंकि झील समुद्र से जुड़ी है। इस कारण शव दूर जाने की संभावना नजर आ रही है। हालांकि, पुलिस ने मछुआरों की मदद से शव को तलाशना शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक-युवती प्रेम प्रसंग में थे। वे दोनों मिलने के लिए झील के किनारे भी आए थे। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। जिसके चलते लड़की की हत्या करने के बाद लड़के ने भी झील में कूदकर सुसाइड कर लिया होगा। हालांकि, अब इस बात की पुष्टि भी लड़के की लाश मिलने के बाद ही होगी।