Gorakhpur Crime News
नेटवर्क महानगर/गोरखपुर
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बरवार गांव से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपने ही तीन बच्चों को दही में जहर मिलाकर खिलाने का आरोप लगा है। इस घटना में दो मासूम बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी की जान बच गई। घटना के समय बच्चों की मां काम पर गई हुई थीं।
मिली जानकारी के मुताबिक, बरवार गांव निवासी सत्यम कुमार की शादी करीब 12 वर्ष पहले गोरखपुर के इंदिरा नगर निवासी संजू देवी से हुई थी। संजू देवी शहर के सुपर बाजार में काम करती हैं। गुरुवार शाम वह अपनी ड्यूटी पर थीं, जबकि घर पर उनके तीन बच्चे प्रज्ञा (11 वर्ष), प्राची (8 वर्ष) और अक्षत (5 वर्ष) मौजूद थे। गुरुवार रात करीब 8 बजे सत्यम कुमार घर पहुंचा और दही में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर बच्चों को खाने के लिए दिया। बताया जा रहा है कि छोटी बेटी प्राची और बेटे अक्षत ने वह दही खा लिया, जबकि बड़ी बेटी प्रज्ञा ने दही खाने से इनकार कर दिया। कुछ ही देर बाद दोनों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बच्चों की हालत गंभीर होते देख आरोपी पिता वहां से फरार हो गया। इस बीच बड़ी बेटी प्रज्ञा ने साहस दिखाते हुए घटना की जानकारी अपने दादा और बुआ को दी। सूचना मिलते ही परिजन घर पहुंचे और दोनों बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान 8 वर्षीय प्राची और 5 वर्षीय अक्षत की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर गीड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
परिजनों के मुताबिक, सत्यम कुमार ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक बच्चों की दादी ने बताया कि वह ऑटो की किस्त जमा करने के लिए परिवार से पैसों की मांग कर रहा था, पैसे नहीं मिलने से वह नाराज चल रहा था।
क्षेत्राधिकारी गीड़ा ने बताया कि शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है। उन्होंने बताया कि गुरुवार देर रात सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपने बच्चों को जहर दे दिया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई। बच्चों के दादा की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
