नेटवर्क महानगर/वाराणसी
यूपी के पूर्व मंत्री और विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी द्वारा शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे 75 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम के तहत मंगलवार को 45वें दिन श्री काशी विश्वनाथ मंडल के श्री विंदुमाधव वार्ड में स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क, वृक्षारोपण और चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनसंपर्क व चौपाल में स्थानीय जनता ने क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के सामने रखा। इन पर तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इससे जनता में यह विश्वास और मजबूत हुआ कि सरकार उनके मुद्दों पर सीधे कार्रवाई कर रही है।
जनचौपाल के दौरान ”ब्रह्मनाल सब्जी मंडी” की खराब छत की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। इस पर अधिकारियों को जल्द से जल्द छत की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया, जिससे मंडी में आने वाले ग्राहकों और दुकानदारों को सुविधा मिल सके।
जनसंपर्क अभियान के दौरान दुकानदारों से भी संवाद किया गया। इस दौरान पीएम मोदी के स्वदेशी के आह्वान को दोहराते हुए दुकानदारों से अपील की गई कि वे अपनी दुकानों पर ”यहां स्वदेशी माल बिकता है” का बोर्ड लगाएं। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करना है।
वृक्षारोपण एवं स्वच्छता पर विशेष जोर
कार्यक्रम में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही, स्वच्छता अभियान के तहत वार्ड की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई और लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। 20 जुलाई से शुरू हुआ यह 75 दिवसीय वार्ड प्रवास 2 अक्टूबर, यानी महात्मा गांधी जयंती तक चलेगा। इस दौरान प्रत्येक वार्ड में जाकर जनता से सीधा संवाद, समस्याओं का निस्तारण और विकास कार्यों की समीक्षा की जा रही है।
